एमपी के इंदौर में एक सरकारी स्कूल के खिलाफ पालकों ने पुलिस में शिकायत की है। पैरेंट्स का आरोप है कि मोबाइल ढूंढने के लिए लड़कियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई है। पुलिस ने शिकायत की पुष्टि की है। यह पूरा मामला शुक्रवार का है। अधिकारी ने बताया कि मल्हारगंज पुलिस थाने में पालकों ने शिकायत दर्ज करवाई है। इस शिकायत में कहा गया कि बड़ा गणपति क्षेत्र के शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की एक कक्षा में मोबाइल फोन की घंटी बजी थी। घंटी बजने पर एक शिक्षिका ने इसे ढूंढने के लिए छात्राओं को शौचालय में ले जाकर कथित तौर पर उनके कपड़े उतरवाए और उनकी तलाशी ली।
लड़कियों के साथ मारपीट भी की गई
उन्होंने बताया कि शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तलाशी के दौरान छात्राओं के साथ मारपीट की गई। अधिकारी ने बताया कि शिकायत में संबंधित शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की गई है। मल्हारगंज पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर एम धुर्वे ने बताया कि शिकायत पर जांच की जा रही है। जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।










































