Lockdown Again: कोरोना महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई महाराष्ट्र में कमजोर पड़ती नजर आ रही है। यहां नए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ताजा खबर यह है कि ठाणे में लगातार सामने आते मामलों को देखते हुए यहां के कोरोना हॉटस्पॉट वाले इलाकों में 31 मार्च तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। लॉकडाउन 9 मार्च से लागू हो गया है। ठाणे नगर निगम की ओर से इस बारे में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है और रहवासियों को नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है। ठाणे में अब तक 16 क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में पहचाना गया है। महाराष्ट्र सरकार ने इसे ‘मिशन स्टार्ट अगेन’ नाम दिया है। सरकार के बनाए नियमों के अनुसार, हॉटस्पॉट के बाहर के क्षेत्रों में गतिविधियों की अनुमति होगी।
बीते 24 घंटों में देशभर में कोरोना के 15,388 नए केस दर्ज हुए हैं। इस दौरान 16,596 मरीज ठीक होकर अपने घरों को लौटे, वहीं 77 जिंदगी की जंग हार गए। इस तरह अब तक भारत में कुल मामलों की संख्या 1,12,44,786 पहुंच गई है। इनमें एक्टिव केस की संख्या 1,87,462 है। देश में अब तक कुल मृतकों का आंकड़ा 1,57,930 पहुंच गया है।
मिजोरम में सामने आए नए केस: कोरोना को पूरी तरह मात दे चुके मिजोरम में भी अब नए केस सामने आने लगे हैं। राज्य सरकार के मुताबिक, 8 मार्च को यहां चार नए केस रिपोर्ट किए गए। इस तरह मिजोरम में अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 4,432 हो गई है। एक्टिव केस 10 हैं और 4,412 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है। यहां अब तक 10 लोगों को जान गंवाना पड़ी है।
कोविड वैक्सीन का उत्पादन बढ़ाने को भारत ने मांगी आर्थिक मदद
भारत ने क्वाड के अपने साथी देशों-अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया से कोविड से बचाव वाली वैक्सीन की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद मांगी है। सूत्रों के अनुसार भारत सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने चीन से मुकाबले के लिए सहयोगी देशों से यह मदद मांगी है। भारत विकासशील और गरीब देशों को बड़े पैमाने पर वैक्सीन की आपूर्ति करना चाहता है। यह आपूर्ति सस्ती दर पर और मुफ्त हो सकती है। ऐसा कर भारत कोविड से बचाव में मदद के क्षेत्र में चीन को पीछे छोड़ देगा।










































