भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना थीम सांग (Theme Song) जारी कर दी है। पार्टी ने ‘सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं’ का नारा बुलंद किया है। थीम में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का भी जिक्र है।
युवा मतदाताओं को पीएम मोदी का संबोधन
इससे पहले राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2024 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के युवा मतदाताओं को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा,
18 से 25 वर्ष की आयु ऐसी होती है जब किसी का भी जीवन बहुत से बदलावों का साक्षी बनता है। इन्हीं बदलावों के बीच आप सभी को एक और जिम्मेदारी साथ-साथ निभानी है। ये जिम्मेदारी दुनिया की सबसे बड़ी डेमोक्रेसी में भागीदारी की है।
ये कालचक्र दो वजहों से बहुत अहम है- पहला, आप सभी ऐसे समय में वोटर बने हैं, जब भारत का अमृतकाल शुरू हुआ है। दूसरा, कल 26 जनवरी को देश अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। अगले 25 साल आपके लिए भी और भारत के लिए भी दोनों के लिए ही महत्वपूर्ण है।
आज जब देश 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य पर काम कर रहा है तो आपका वोट ये तय करेगा कि भारत की दिशा क्या होगी।
जिस तरह 1947 से 25 साल पहले भारत के नौजवानों पर देश को स्वतंत्र कराने का दारोमदार था, उसी तरह 2047 तक यानी 25 सालों में आप पर विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी है।










































