यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों का दायरा बढ़ता जा रहा है। कई नामी कंपनियों रूस में काम नहीं करने का ऐलान कर चुकी हैं। अब इस लिस्ट में मैकडॉनल्ड्स, स्टारबक्स, कोका-कोला, पेप्सिको और जनरल इलेक्ट्रिक के नाम भी जुड़ गए हैंं। वैश्विक ब्रांड और अमेरिकी कॉरपोरेट की प्रतीक इन सभी कंपनियों ने घोषणा की है कि वे यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के जवाब में अपने व्यवसाय को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहे हैं। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कंपनी शेल, जर्मन स्पोर्ट्स वियर निर्माता एडिडास, सौंदर्य प्रसाधन कंपनी एस्टी लाडर व केल्विन क्लेन आदि ने भी रूस में अपनी गतिविधियों को समेटने की घोषणा की है। कार निर्माता फाक्सवैगन ने कई हाइब्रिड माडलों के आर्डर लेने बंद कर दिए हैं। मैक्डोनाल्ड ने भी रूस में अपने 850 रेस्तरां बंद करने की घोषणा की है
रूस से तेल नहीं खरीदेंगे देश
इस बीच, अमेरिका ने रूस से तेल, प्राकृतिक गैस और कोयले के आयात पर पाबंदी लगा दी है। ब्रिटेन ने भी इस साल के अंत तक चरणबद्ध तरीके से रूस से तेल और तेल उत्पादों का आयात खत्म करने की घोषणा की है। साथ ही यूरोपीय संघ ने भी इस साल के आखिर तक रूसी गैस पर अपनी दो तिहाई निर्भरता घटाने की तैयारी में हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका व पश्चिमी देशों से कई बार रूसी तेल आयात में कटौती का अनुरोध किया था।
व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बाइडन ने कहा, “हम रूस से तेल और गैस ऊर्जा का आयात बंद कर रहे हैं। अमेरिका के लोगों की तरफ से पुतिन के लिए यह बड़ा झटका होगा।” व्हाइट हाउस की तरफ से बताया गया कि बाइडन रूस से तेल, लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) और कोयले के आयात पर प्रतिबंध लगाने वाले एक्जिक्यूटिव आर्डर पर हस्ताक्षर करेंगे। इससे अमेरिकी नागरिक रूस के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश भी नहीं कर सकेंगे।
यूक्रेन को जीत नहीं पाएंगे पुतिन
बाइडन ने कहा कि रूस भले ही यूक्रेन में भली हे सबकुछ कुचलते हुए आगे बढ़ रहा है, लेकिन वह किसी एक या दो शहरों पर ही कब्जा कर सकता है। पूरे यूक्रेन पर रूस का कब्जा कभी नहीं होगा। पुतिन को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
अमेरिका में तेल की कीमतें बढ़ीं
रूस से तेल के आयात पर प्रतिबंध की घोषणा से पहले ही अमेरिका में तेल की कीमतों में भारी उछाल आ गया है। पिछले हफ्ते गैसोलिन की कीमत प्रति गैलन 45 सेंट थी, जो सोमवार को 4.06 डालर पर पहुंच गई है। अमेरिका सामान्य तौर पर रूस से प्रतिदिन एक लाख बैरल कच्चे तेल का आयात करता है, जो उसके कुल निर्यात का करीब पांच प्रतिशत है।
ईयू वर्ष के अंत तक गैस के लिए रूस पर निर्भरता में करेगा कटौती
यूरोपीय संघ ने वर्ष के अंत तक प्राकृतिक गैस के लिए रूस पर निर्भरता में दो तिहाई कटौती की योजना तैयार की है। इसमें कहा गया है कि यूरोपीय संघ वर्ष 2030 से पहले रूस से तेल, प्राकृतिक गैस और कोयले का आयात पूरी तरह खत्म कर लेगा। इसको लेकर यूरोपी संघ के देशों की पेरिस में गुरुवार से दो दिवसीय बैठक भी होने वाली है। रूस यूरोपीय देशों की जरूरत के 40 प्रतिशत गैस की आपूर्ति करता है।
रूस ने भी तेल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की दी चेतावनी
रायटर के अनुसार, रूस ने भी तेल निर्यात पर प्रतिबंध की चेतावनी दी है। जर्मनी द्वारा गत हफ्ते नार्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन का काम रोकने संबंधी एलान किए जाने के बाद रूस के उप प्रधानमंत्री एलेक्जेंडर नोवाक ने कहा कि प्रतिक्रिया के तौर पर उनके देश के पास रूस-जर्मनी के बीच गैस की आपूर्ति करने वाली नार्ड स्ट्रीम 1 पाइपलाइन को रोकने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका व उसके सहयोगी देशों ने रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध लगाया तो कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 300 डालर को पार कर सकती है।











































