MP के पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे की कंगना पर अशोभनीय टिप्पणी, भाजपा महिला मोर्चा ने की कार्रवाई की मांग

0

बैतूल । कांग्रेस नेता सुखदेव पांसे द्वारा कंगना रानावट को नाचने-गाने वाली कहने पर अभिनेत्री ने तीखा पलटवार किया है। कंगना ने ट्वीट कर कहा कि मैं दीपिका, कटरीना और आलिया नहीं हूं। मैं ही अकेली ऐसी हूं, जिसने आइटम नंबर करने से इन्कार किया, बड़े अभिनेता (खान/ कुमार) के साथ फिल्म करने से मना किया, जिसके बाद पूरी बालिवुडिया गैंग मेरे खिलाफ हो गई। मैं राजपूत हूं, हड्ड‍ियां तोड़ देती हूं।

मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और मुलताई से कांग्रेस वि‍धायक सुखदेव पांसे ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनोट के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की है। इसे लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पांसे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। दरअसल, कांग्रेस द्वारा गुरुवार को किसान जागृति यात्रा निकाली गई थी और पूर्व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) मंत्री सुखदेव पांसे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को ज्ञापन सौंपा था।

इस दौरान पांसे ने कलेक्टर से कहा था कि कंगना जैसी एक नाचने-गाने वाली महिला यदि हमारे किसानों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाए और यदि स्वाभिमान की रक्षा करने के लिए कांग्रेस आंदोलन करती है तो पुलिस उन पर लाठीचार्ज करती है। पुलिस कठपुतली न बने, एक महिला के चक्कर में पुलिस ने कांग्रेसियों पर बहुत ज्यादा लाठीचार्ज किया है। गौरतलब है कि कंगना ने हाल ही में जिले के सारणी में फिल्म धाकड़ की शूटिंग की है। उनकी किसानों पर कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेसियों ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

इनका कहना है

पांसे कांग्रेसी संस्कृति का ही पालन कर रहे हैं। जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आए दिन महिलाओं का अपमान करते रहे हैं। उसी तरह पांसे ने भी कंगना रनोट के लिए अशोभनीय टिप्पणी कर प्रदेश की महिलाओं का अपमान किया है। उन्हें सार्वजनिक रूप से मांफी मांगनी चाहिए।

– आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष, बैतूल

मैं अपने बयान पर कायम हूं, जब तक कंगना किसानों से माफी नहीं मांगती हैं तब तक उनका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। भाजपा कंगना का सहयोग कर रही है। भाजपा बताए क्या वह किसानों को आतंकवादी कहने वालों के साथ है।

– सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री एवं विधायक मुलताई बैतूल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here