MP उपचुनाव जीतने वाले उम्मीदवार : मध्‍य प्रदेश में इस कारण हुए थे उपचुनाव,जानिये इस बार के नतीजे

0

खंडवा संसदीय क्षेत्र सहित पृथ्वीपुर, रैगांव और जोबट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदाताओं ने किस पर भरोसा जताया है यह अब साफ हो गया है। बंपर मतदान से उपचुनाव में दोनों प्रमुख दलों के नेताओं में अटकलों का दौर चल रहा था, लेकिन दोपहर बाद पता चल गया कि नतीजे किस दिशा में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने एक लोकसभा सहित दो विधानसभा सीटों पर अपना पलड़ा भारी किया है जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट गई।

भाजपा ने जोबट विधानसभा सीट पर जीत हासिल की। यहां उसकी प्रत्‍याशी सुलोचना रावत विजयी रही। पृथ्‍वीपुर सीट पर भाजपा के शिशुपाल सिंह यादव विजयी रहे वहीं रैगांव सीट कांग्रेस की कल्‍पना वर्मा ने जीती। खंडवा सीट पर भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल ने बड़ी जीत हासिल की।

खंडवा संसदीय क्षेत्र में मतदान 63.88 प्रतिशत हुआ, जबकि पृथ्वीपुर सीट पर 78.14 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। जोबट विधानसभा सीट पर 53.30 फीसद और रैगांव में 69.21 फीसद मतदान हुआ। चारों सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही था।

विश्‍लेषकों के अनुसार अब तक परंपरागत रूप से खंडवा संसदीय क्षेत्र और रैगांव विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जाति) भाजपा के कब्जे में रहे हैं, जबकि जोबट (अनुसूचित जनजाति) और पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के पास रहे हैं। उल्‍लेखनीय है कि ये चारों सीटें सदस्यों के निधन की वजह से रिक्त हुई थीं।

इसलिये हुए थे चुनाव

खंडवा लोकसभा सीट सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन की वजह से खाली थी। वहीं, मध्‍य प्रदेा की तीन विधानसभा सीट पृथ्वीपुर बृजेंद्र सिंह राठौर, रैगांव जुगल किशोरी बागरी और जोबट सीट पर कलावती भूरिया के देहावसान के कारण चुनाव करवाए गए।

निर्वाचन क्षेत्र-कांग्रेस के प्रत्याशी- भाजपा के प्रत्याशी

खंडवा लोकसभा- राजनारायण सिंह पुरनी-ज्ञानेश्वर पाटिल

पृथ्वीपुर विधानसभा- नितेन्द्र सिंह राठौर-शिशुपाल सिंह यादव

जोबट विधानसभा- महेश पटेल- सुलोचना रावत

रैगांव विधानसभा-कल्पना वर्मा- प्रतिमा बागरी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here