मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि “मानव आचरण में जन-सेवा का भाव बनाये रखना सभी की नैतिक ज़िम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सबका साथ और सबके विश्वास से ही सबका विकास होगा। इस दिशा में हम सबका प्रयास भी उतना ही जरूरी है।
राज्यपाल ने आज इंदौर में सिकल सेल एनीमिया प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। राज्यपाल पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान, सिकल सेल एनीमिया रोग की रोकथाम हेतु अभियान शुरू किया था। उन्होंने स्वयं राज्य के प्रत्येक जिले एवं तहसील में जाकर लोगों को सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूक करने के लिए प्रयास किए थे।
राज्यपाल ने कार्यक्रम में सिकल सेल क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड सिम्युलेटर लेब एवं सेंट्रल क्लीनिकल लेबोरेटरी का शुभारंभ किया। सिकल सेल एनीमिया प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रदेश के एनीमिया रोग से ग्रसित ट्राईबल बेल्ट को गोद लेकर नि:शुल्क उपचार देने का प्रयत्न किया जाएगा। इसमें शासन, प्रशासन एवं समाज की सहभागिता से सिकल सेल एनीमिया मुक्त प्रदेश के निर्माण की परिकल्पना को सार्थक रूप दिया जा सकेगा।