- MP News: मध्य प्रदेश में शुक्रवार की देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। राज्य सरकार ने देर रात तबादला सूची जारी करते हुए 11 IAS और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में जनसंपर्क, स्वास्थ्य, आबकारी और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव किया गया है। सरकारी आदेशों के मुताबिक, यह कदम प्रशासनिक कसावट लाने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
- मनीष सिंह की जनसंपर्क में वापसी
- इस पूरी सूची में सबसे चर्चित नाम मनीष सिंह का रहा है। सरकार ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए जनसंपर्क विभाग की कमान सौंप दी है। मनीष सिंह अब जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ परिवहन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। उनके पास जनसंपर्क विभाग का अनुभव पहले भी रहा है, ऐसे में सरकार के नीतिगत फैसलों और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
- स्वास्थ्य और आबकारी विभाग में बड़े बदलाव
- वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को अब स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का जिम्मा दिया गया है। इससे पहले इस पद पर कार्यरत प्रमुख सचिव संदीप यादव को अब अशोक वर्णवाल की पिछली जगह यानी वन विभाग में पदस्थ किया गया है। वहीं, आबकारी विभाग में भी एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। नई आबकारी नीति के लागू होने से ठीक पहले अभिजीत अग्रवाल को आबकारी आयुक्त के पद से हटाकर प्रबंध संचालक, राज्य सहकारी विपणन संघ बनाया गया है। उनकी जगह अब दीपक सक्सेना को नया आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है, जो इससे पहले जनसंपर्क आयुक्त के तौर पर काम कर रहे थे।
- राजभवन से उमाशंकर भार्गव की मुख्यधारा में वापसी
- करीब आठ महीने तक राजभवन में अपनी सेवाएं देने के बाद 2011 बैच के आईएएस अधिकारी उमाशंकर भार्गव की प्रशासनिक मुख्यधारा में वापसी हुई है। सरकार ने उन्हें किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग का संचालक नियुक्त किया है। वहीं, इसी विभाग में पहले से तैनात अजय गुप्ता को अब बिजली विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें जबलपुर स्थित पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में प्रबंध संचालक के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा, भिंड जिला पंचायत के सीईओ सुनील दुबे को अब राज्यपाल के उप सचिव के रूप में राजभवन भेजा गया है।
- जिला पंचायतों और राज्य सेवा के अफसरों का फेरबदल
- तबादलों की इस कड़ी में कई जिलों की पंचायतों के मुखिया भी बदल दिए गए हैं। उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव रहीं संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है, जबकि कमल सोलंकी अब रायसेन जिला पंचायत के सीईओ होंगे। राज्य प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों को भी नई भूमिकाएं दी गई हैं। इनमें भुरला सिंह सोलंकी को आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को खरगोन और वीर सिंह चौहान को भिंड जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही राकेश शर्मा को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में मुख्य महाप्रबंधक के पद पर तैनात किया गया है।









































