MP में शुरु होगी तबादले की प्रोसेस, गृह जिलों में जमे पटवारी और राजस्व निरीक्षक हटेंगे, भ्रष्टाचार पर सरकार का एक्शन

0

Patwari Transfer News: मध्य प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर एक्शन लेने के मूड में है। इसके तहत प्रदेश में पटवारी और राजस्व निरीक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इस प्रक्रिया में वर्षों से अपनी गृह तहसील में पदस्थ पटवारियों को हटाया जाएगा।

भोपाल: मध्यप्रदेश में राजस्व विभाग के सबसे निचले और अहम पायदान पर बैठे अमले के लिए बड़ी खबर है। राज्य के करीब 12 हजार पटवारी और राजस्व निरीक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राजस्व विभाग ने इसके लिए सभी जिला कलेक्टरों को आदेश जारी किया है।

राजस्व विभाग ने आदेश में क्या कहा

राजस्व विभाग ने कलेक्टरों को आदेश दिया है कि ऐसे पटवारी जो गृह तहसील में पदस्थ हैं और राजस्व निरीक्षक (आरआई) गृह अनुविभाग में पदस्थ हैं, उनको तत्काल हटाकर अन्य स्थान में भेजा जाये। आपको बता दें राजस्व विभाग की छवि सबसे भ्रष्ट विभाग के रूप में मानी जाती है।

पक्षपात की आ रही थीं शिकायतें

राजस्व विभाग को शिकायतें आई हैं कि अधिकांश जिलों में पटवारी अपने गृह तहसील और राजस्व निरीक्षक (आरआई) अपने गृह अनुविभाग में पदस्थ हैं। ऐसे में पक्षपात और शासन की कार्य व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। जिसके बाद कलेक्टरों से स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वे ऐसे पटवारियों को चिह्नित कर सूची तैयार करें और हटाने की कार्रवाई की जाए।

50 प्रतिशत पटवारी अपने गृह जिलों में पदस्थ

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में कुल 25 हजार पटवारी अभी पदस्थ हैं। इनमें से 50 प्रतिशत पटवारी ऐसे है जो गृह तहसील में पदस्थ हैं। ऐसे में करीब 12 हजार पटवारी अपने गृह जिले से बाहर कर दिए जाएंगे। यह बता दें कि राजस्व विभाग के अधीन कार्यरत पटवारी आए दिन जिलों में लोकायुक्त संगठन की कार्रवाई में रिश्वत लेते पकड़े जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here