SBI के बाद अब पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने भी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर मिलने वाले ब्याज में बढ़ोतरी की है। इस बदलाव के बाद, बैंक ने 666 दिन की एफडी की दरों में 95 बेसिस प्वॉइंट्स और 3 साल से लेकर 10 साल की अवधि वाली फिक्स्ड डिपॉजिट पर 40 बेसिस प्वॉइंट्स की बढ़ोतरी की है।
इस बढ़ोतरी के बाद अब सामान्य लोगों को FD पर अधिकतम 7.25%, सीनियर सिटीजन को 7.75% और सुपर सीनियर सिटीजन को अधिकतम 8.05% की दर से ब्याज मिलेगा। बैंक ने इंटरेस्ट रेट्स 2 करोड़ रुपए से कम की FD पर बढ़ाए हैं।
कोटक महिंद्रा और यस बैंक ने भी FD पर ब्याज बढ़ाया
कोटक महिंद्रा और यस बैंक ने भी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर इंटरेस्ट रेट्स बढ़ाए हैं। कोटक ने इंटरेस्ट रेट्स 2 करोड़ रुपए से कम की FD पर बढ़ाए हैं। बदलाव के बाद बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट पर आम नागरिक को अधिकतम 6.50% और वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 7% ब्याज ऑफर कर रहा है।
वहीं अगर यस बैंक की बात करें तो अब 2 करोड़ रुपए से कम की FD पर ब्याज दरों को बढ़ा दिया है। बैंक 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की मेच्योरिटी वाली FD दे रहा है। यस बैंक आम लोगों को 3.25% से लेकर 7.50% तक ब्याज दे रहा है। वहीं बैंक वरिष्ठ नागरिकों को FD पर 3.75% से लेकर 8% तक की ब्याज ऑफर कर रहा है। बैंक ने 30 महीने की स्पेशल FD शुरू की है।