Ranji Trophy Final: रनों की बारिश के साथ जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी खिताब

0
  • Jammu-Kashmir Wins Maiden Ranji Trophy Title: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी में नया इतिहास रच दिया है। उसने अपने 67 साल के इतिहास में रणजी ट्रॉफी पहली बार खेलने से लेकर अब जाकर अपना पहला खिताब जीत लिया है। जिस टीम को कभी विरोधी टीमें टूर्नामेंट की कमजोर टीमों में गिनती थीं, आज उसी जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने कई रिकॉर्ड्स के साथ पहली बार भारत के सबसे प्रतिष्ठित प्रथम श्रेणी क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मैच कर्नाटक के खिलाफ ड्रॉ रहा जिसके बाद पहली पारी के स्कोर के आधार पर जम्मू-कश्मीर टीम को विजेता घोषित किया गया।
  • रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर के सामने कई बार की चैंपियन कर्नाटक क्रिकेट टीम थी जिसमें केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर जैसे कई बड़े खिलाड़ी शामिल थे, जबकि जम्मू-कश्मीर टीम के खिलाड़ियों के बहुत से लोग नाम भी नहीं जानते थे। फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और शुभम पुंडीर की 121 रन, जबकि 5 अन्य खिलाड़ियों की अर्धशतकीय पारियों के बदौलत 584 रनों का स्कोर बना दिया।
  • कर्नाटक का हुआ बुरा हाल
  • जब कर्नाटक की टीम पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी तो उसकी तरफ से सिर्फ ओपनर मयंक अग्रवाल 160 रनों की बड़ी पारी खेलने में सफल रहे। बाकी सभी खिलाड़ी एक-एक करके पवेलियन लौटते गए। आलम ये रहा कि दिग्गज टीम मानी जाने वाली कर्नाटक की टीम 293 रनों पर ही ऑल-आउट हो गई।

आकिब नबी फिर चमके, रणजी ट्रॉफी में विकेटों का रिकॉर्ड बनाया

इस दौरान एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी ने कमाल किया और 54 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट लिए। इसी के साथ वो रणजी ट्रॉफी 2025-26 के 10 मैचों में सबसे ज्यादा 60 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने दो रणजी सीजन के 18 मैचों में 104 विकेट झटकते हुए नया रिकॉर्ड भी बना दिया है। आकिब नबी को आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम ने 8.4 करोड़ में खरीदा है।

दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज फिर गरज पड़े

पहले से बढ़त हासिल कर चुकी जम्मू-कश्मीर टीम ने दूसरी पारी में फिर कमाल किया। उनके बल्लेबाजों ने इस बार भी जमकर रन बरसाए। ओपनर कामरान इकबाल ने नाबाद 160 रनों की पारी खेली, जबकि साहिल लोतरा ने नाबाद 101 रन बनाए। इस तरह 4 विकेट पर 342 रन बनाकर उन्होंने पारी घोषित की, तब तक कर्नाटक पर 600 से ऊपर की बढ़त चढ़ चुकी थी और अंतिम दिन का खेल खत्म होने के करीब देखते हुए पहली पारी के स्कोर के आधार पर जम्मू-कश्मीर को नियमों के हिसाब से विजेता घोषित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here