रशिया में गोल्ड जीतने वाली रामपुर बाघेलान के करही की वैष्णवी के रगों में सफलता दौड़ती है। वैष्णवी ने बताया कि वुशु खिलाड़ी व बड़ी बहन गीतांजलि त्रिपाठी से प्रेरित होकर वुशू खेलकर कुछ करने का फैसला किया था। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। वैष्णवी त्रिपाठी को मिली कामयाबी के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है।
मध्य प्रदेश को आप पर गर्व है वैष्णवी बिटिया…
रशिया में आयोजित इंटरनेशनल मास्को वुशु चैम्पियनशिप- 2024 में 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर सतना की बेटी वैष्णवी ने मध्य प्रदेश सहित देश का गौरव बढ़ाया है।
रामपुर की रहने वाली है वैष्णवी त्रिपाठी
रामपुर बाघेलान क्षेत्र के करही वार्ड नंबर 2 निवासी विनोद त्रिपाठी ने बताया कि होनहार बेटी वैष्णवी ने इससे पहले 2019 में जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में भी गोल्ड जीता था। उनके पिता पुलिस में हैं। मॉस्को में आयोजित इस प्रतियोगिता में 12 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश से 5 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वैष्णवी की बड़ी बहन गीतांजलि त्रिपाठी भी वुशु खिलाड़ी हैं।
2019 में जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में भी गोल्ड जीता था
वैष्णवी बताती हैं कि अपनी बड़ी बहन की सफलता देखकर उन्होंने वुशू खेलकर कुछ करने का फैसला किया। दोनों होनहार बेटियों को हर कदम पर पिता का साथ मिल रहा है। खेल के प्रति बेटियों की रुचि देखकर पिता ने बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की। अब बेटियों की सफलता से पिता का सीना भी गर्व से चौड़ा हो गया है।
इंटरनेशनल मॉस्को वुशु स्टार चैंपियनशिप 2024 जीतकर नाम रोशन किया
28 फरवरी से 5 मार्च तक रशिया में आयोजित इंटरनेशनल मॉस्को वुशु स्टार चैंपियनशिप 2024 में जिले की बेटी वैष्णवी त्रिपाठी ने 48 किलोग्राम वेट में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। सोने के लिए हुए फाइनल मुकाबले में वैष्णवी ने रशिया की खिलाड़ी को हरा दिया। इससे पहले सिल्वर फाइट में उन्होंने अफगानिस्तान की खिलाड़ी को हराया था।