आर्थिक तंगी से जूझ रहे पड़ोसी देश श्रीलंका ने आईएमएफ (IMF) से 330 मिलियन डॉलर का कर्ज हासिल कर लिया है। आप जानना चाहेंगे कि श्रीलंका ने इस राशि का क्या उपयोग किया है? हम आपको बता दें कि पड़ोसी देश ने इस राशि का बेहद समझदारी भरा उपयोग किया है। उसने इस कर्ज की पहली किस्त का उपयोग भारत का कर्ज चुकाने के लिए किया है। इससे भारत की नजर में श्रीलंका की साख अवश्य बढ़ेगी।
वित्त मंत्री ने दी जानकारी
श्रीलंका के वित्त राज्य मंत्री रंजीत सियामबलापितिया (Ranjith Siyambalapitiya) ने मीडिया को बताया कि भारत से लिए गए कर्ज को चुकाने के लिए 120 मिलियन डॉलर का इस्तेमाल किया गया। राज्य मंत्री ने बताया, हाल के दिनों में भारत ने दवा और ईंधन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के आयात के लिए उसके देश को कर्ज दिया था। इस कर्ज के कुछ अंश को गुरुवार को निपटाना था, जो हमने उसी दिन कर दिया। उन्होंने कहा, यह महत्वपूर्ण है कि हम कर्ज चुकाने की समय सीमा का पालन करें।
कर्ज भुगतान में हो रही है दिक्कत
देश में आए आर्थिक संकट के बाद श्रीलंका अपने कर्जो का भुगतान नहीं कर पा रहा था। पिछले साल अप्रैल में भारत ने श्रीलंका को 4 बिलियन डॉलर से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की थी। भारत भी उन पहले देशों में से एक था जिसने इसी दक्षिणी पड़ोसी देश को आईएमएफ बेलआउट प्राप्त करने में मदद की।










































