आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में भारतीय टीम का सामना यूएसए की टीम से होना है। यूएसए की टीम बड़े उलटफेर करने के लिए जानी जाती है, ऐसे में उसके सामने अगर भारत को अपने अभियान का शानदार आगाज करना है तो उसे अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी उतारने होंगे। यहां जानेंगे कि टी20 विश्व कप के पहले मैच में कैसी होगी भारत की प्लेइंग इलेवन।
T20 विश्व कप में USA के खिलाफ भारत के ओपनर्स
भारत और यूएसए की टीमों के बीच टी20 होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के मैच में भारत के ओपनर्स अब अभिषेक शर्मा और ईशान किशन होंगे। तिलक वर्मा के फिट होकर लौटने के बाद अब तक तीसरे स्थान पर खेल रहे ईशान किशन को सलामी बल्लेबाज के रूप में अभिषेक के साथ खेलने के लिए प्रमोट किया जा रहा है। पहले भी ईशान ये जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच में ईशान ने खुद को ओपनर के तौर पर साबित भी कर दिया जब उन्होंने 20 गेंदो में 53 रनों की तेज पारी खेली। भारत ने वो मैच 30 रनों से जीता था।
वर्ल्ड कप के पहले मैच में तीसरे और चौथे नंबर पर कौन खेलेगा
टी20 विश्व कप 2026 के पहले मैच में भारत के लिए तीसरे नंबर पर खेलेंगे पिछले दो सालों में टीम इंडिया की सबसे बड़ी खोज माने जाने वाले तिलक वर्मा। अब वो पूरी तरह फिट हैं और साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में भी उन्होंने 19 गेंदों में 45 रनों की पारी खेलकर वापस अपने स्थान पर कब्जा जमा लिया है। जबकि चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे कप्तान सूर्यकुमार यादव जो हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में लय में लौटे और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता।
पांचवें और छठे स्थान पर कौन होंगे भारत के बल्लेबाज
अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में भारत के बैटिंग ऑर्डर में पांचवें नंबर पर टीम के उपकप्तान व स्पिनर ऑलराउंडर अक्षर पटेल बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। अक्षर भी अब पूरी तरह फिट हैं। उन्होंने अभ्यास मैच में 23 गेंदों में 35 रन बनाने के साथ-साथ 1 विकेट भी झटका। वहीं, छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आएंगे एक और भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे। बेशक वो अभ्यास मैच में बल्लेबाजी नहीं कर सके और गेंदबाजी में एक विकेट लेकर उन्होंने काफी रन लुटाए लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उनकी प्रतिभा दिख गई थी और एक अतिरिक्त पेसर की भारत को जरूरत पड़ेगी।
सातवें और आठवें नंबर पर दो आक्रामक खिलाड़ी
टीम इंडिया के लिए मिडिल ऑर्डर में कई बल्लेबाजों के स्थान परिस्थिति के हिसाब से बदले जा सकते हैं। वैसे सातवें नंबर पर भारत के शीर्ष ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और आठवें नंबर पर रिंकू सिंह को बल्लेबाजी करने के लिए उतारा जाएगा। लेकिन इन दोनों ही बल्लेबाजों को बैटिंग ऑर्डर में पारी के रन रेट के हिसाब से किसी भी पोजीशन पर खेलने के लिए भेजा जा सकता है।
भारत को दो शीर्ष तेज गेंदबाज कौन होंगे
भारत पहले मैच में अपने दो सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाजों के साथ उतरना चाहेगा। ये हैं जसप्रीत बुमराह और भारत के सबसे सफल टी20 बॉलर अर्शदीप सिंह। दाएं और बाएं हाथ के दो तेज गेंदबाजों का ये कॉम्बिनेशन विरोधी टीम को परेशान करने के लिए काफी होगा। हर्षित राणा को आगे के मैचों में मौका दिया जा सकता है, लेकिन अगर भारत को विश्व कप में जबरदस्त शुरुआत करनी है तो अपने बेस्ट दो तेज गेंदबाजों के साथ ही उतरना होगा।
स्पेशलिस्ट स्पिनरों में कौन खेलेगा
भारत इस मैच में अपना दो में से एक स्पेशलिस्ट स्पिनर को उतारेगा। कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के बीच इस जगह के लिए टक्कर लगातार जारी रही है, लेकिन पिछले काफी समय से आईसीसी टी20 रैंकिंग में दुनिया के शीर्ष टी20 गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर चुके वरुण चक्रवर्ती को पहली प्राथमिकता मिलेगी। अभ्यास मैच में भी वरुण ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 ओवर में 12 रन देकर 1 विकेट लिया। जबकि कुलदीप 2 ओवर में खाली हाथ रहे और 25 रन भी लुटाए।
कब और कहां होगा टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का पहला मैच अमेरिका के खिलाफ 7 फरवरी को खेला जाएगा। ये दिन व टूर्नामेंट का तीसरा मैच होगा। भारत और यूएसए के मैच शाम 7:00 बजे से मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में खेला जाएगा। वैसे, इससे पहले टूर्नामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान और नीदरलैंड का मैच सुबह 11:00 बजे कोलंबो में होगा, जबकि दूसरा मैच स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच दोपहर 3:00 बजे कोलकाता के ईडेन गार्डन स्टेडियम में होगा।








































