भारत और ईरान के बीच चाबहार बंदरगाह को लेकर सोमवार जो समझौता हुआ उसके बाद कई देशों की बेचैनी बढ़ गई है। समझौते के मुताबिक, चाबहार बंदरगाह 10 साल के लिए भारत को मिला है। ये पहली बार है जब भारत विदेश में किसी बंदरगाह का काम संभालेगा। चाबहार पोर्ट ईरान के दक्षिण में सिस्तान-बलूचिस्तान इलाके में है, जिसे ईरान और भारत दोनों मिलकर ही विकसित कर रहे हैं। यह समझौता भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मध्य एशिया और अफगानिस्तान तक व्यापार मार्गों तक उसकी पहुंच को बढ़ा देगा। यह समझौता चीन और पाकिस्तान के लिए भी एक झटका है, जो ग्वादर बंदरगाह विकसित कर रहे हैं, जो चाबहार से सिर्फ 172 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस समझौते के बाद दोनों बंदरगाहों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की संभावना है और भारत का मानना है कि चाबहार बेहतर कनेक्टिविटी और कम लागत के कारण अधिक आकर्षक होगा। इस समझौते पर अमेरिका की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
भारत की ताकत भी बढ़ेगी और मुश्किल राह होगी आसान
चाबहार बंदरगाह भारत के लिए कई मायनों में फायदेमंद होगा। चाबहार भारत को मध्य एशियाई देशों, विशेष रूप से अफगानिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के साथ व्यापार को बढ़ावा देने का एक मौका देगा। यह भारत को रूस और यूरोप तक भी पहुंच प्रदान करेगा। भारत को इस क्षेत्र में अपनी समुद्री सुरक्षा को मजबूती बढ़ाने में मदद मिलेगी। चाबहार का विकास भारत द्वारा चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) का मुकाबला करने के रूप में देखा जा रहा है, जिसे कई लोग क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के लिए खतरा मानते हैं। भारत की अफगानिस्तान तक पहुंच आसान हो जाएगी। माल भेजने के लिए पाकिस्तान होकर जाना पड़ता है।
चीन और पाकिस्तान दोनों की बढ़ गई टेंशन
इस समझौते से सबसे अधिक टेंशन में चीन और पाकिस्तान हैं। इस बंदरगाह के जरिए पाकिस्तान को आसानी से बायपास किया जा सकता है। अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान पर निर्भरता नहीं रहेगी। इतना ही नहीं चाबहार की वजह से पाकिस्तान के ग्वादर और कराची पोर्ट की अहमियत भी काफी हद तक कम हो सकती है। ग्वादर बंदरगाह को लेकर चीन की शुरू से ही नीति आक्रामक रही है और कई डिफेंस एक्सपर्ट इस बात की आशंका जाहिर कर चुके हैं कि यहां से चीन की जासूसी गतिविधियां बढ़ेंगी। ग्वादर भारत के लिए चुनौती के साथ ही साथ किसी खतरे से भी कम नहीं। अब चीन और पाकिस्तान को चाबहार के जरिए जवाब मिला है और इसका असर भी काफी हुआ है।