अमेरिका में प्लंबर-कारपेंटर 60 लाख रुपए तक कमा रहे:फिर भी युवाओं में ग्रेजुएशन के बाद व्हाइट कॉलर जॉब की चाहत

0

अमेरिका में इन दिनों प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे स्किल वाले काम के लिए युवा नहीं मिल पा रहे हैं। इतना ही नहीं, पारंपरिक तौर पर जो लोग पहले से ही यह काम कर रहे हैं, उनके बच्चे अब ग्रेजुएशन के बाद व्हाइट कॉलर जॉब करना चाहते हैं। लिहाजा इस तरह के पद खाली बने हुए हैं।

ऐसी जॉब्स के लिए 60 लाख रुपए सालाना का ऑफर
यह स्थिति तब है, जब 2021 में इन पदों के लिए 40 से 60 लाख रुपए सालाना वेतन का ऑफर दिया जा चुका है। ऑनलाइन रिक्रूटिंग प्लेटफॉर्म हैंडशेक के आंकड़ों के अनुसार, 2020 की तुलना में 2022 में तकनीकी नौकरियों जैसे प्लंबिंग, बिल्डिंग और इलेक्ट्रिकल वर्क की मांग करने वाले युवाओं के लिए आवेदन दर में 49% की गिरावट आई है।

पदों के लिए लोगों की रुचि नहीं
ऑटोमोटिव टेकनीशियन, डिवाइस इंस्टॉलर और श्वसन चिकित्सक जैसे पदों के लिए 2020 में औसतन 10 आवेदन आए, जो कि 2022 में घटकर महज पांच ही रह गए हैं। कंपनी के मुख्य शिक्षा रणनीति अधिकारी क्रिस्टीन क्रूजवर्गारा के अनुसार हर काम के लिए महज 19 आवेदन ही आए हैं। जबकि दिनों दिन नए तकनीकी पद बढ़ना जारी है, लेकिन आवेदन करने में रुचि रखने वाले छात्रों की संख्या नहीं बढ़ रही है।

वृद्ध कार्यबल वाले ऑटो टेकनीशियन जैसे व्यवसायों में यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने 2023 में कुशल श्रमिकों की भारी कमी की चेतावनी दी है। क्रूजवर्गारा ने कहा कि लंबे समय से हमने अपने बच्चों को स्किल सीखने के बजाय कॉलेज जाने के लिए प्रोत्साहित किया। जो कॉलेज से स्नातक होते हैं, वे व्हाइट कॉलर जॉब में जाना ज्यादा पसंद करते हैं।

ट्रांजिट सिस्टम अपग्रेड कर रही सरकार, नहीं मिल रहे लोग
खुले पदों को भरने की तत्काल जरूरत है, क्योंकि अमेरिकी सरकार देश में सड़कों और ट्रांजिट सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए परियोजनाओं में अरबों खर्च कर रही है। इसके बावजूद लोग नहीं मिल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here