असम के धेमाजी जिले में स्थित लाली नदी में एक नाव के पलट जाने से एक साल का बच्चा डूब गया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम और धेमाजी जिले की दमकल सेवा टीम खोज एवं बचाव अभियान में लगी हुई है। यह हादसा जोनाई सब-डिवीजन के कंगकान चापोरी इलाके के पास हुआ, जब दो बच्चों सहित 7 लोगों को ले जा रही एक देसी नाव लाली नदी में पलट गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने छह लोगों को बचा लिया, लेकिन इस दौरान एक साल का एक बच्चा नदी में डूब गया। धेमाजी जिले के एसडीआरएफ के एक कर्मचारी ने बताया कि एसडीएफआर और दमकल विभाग की टीम उसे तलाश करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक देशी नाव कंगकान चापोरी से लोम्बा चापोरी की ओर जा रही थी। गौरतलब है कि धेमाजी जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है और जिले के लोग भारी बारिश के कारण बाढ़ का सामना कर रहे हैं। बाढ़ के कारण लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगभग 200 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं कई ग्रामीणों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। इससे पहले जुलाई महीने में भी असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बन गई थी। मालूम हो कि तकरीबन हर साल राज्य बाढ़ की चपेट में आता है।










































