दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप पार्टी के अन्य नेताओं की भी मुसीबत बढ़ती जा रही है। आयकर विभाग ने आज सुबह आप विधायक गुलाब सिंह पर भी शिकंजा कसते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की है। समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी है कि आयकर विभाग की टीम आप विधायक गुलाब सिंह के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और खबर लिखे जाने तक कार्रवाई जारी है। अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि गुलाब सिंह पर किन मामलों के तहत IT की छापेमारी चल रही है।
तानाशाही की राह पर चल रहा देश
आप विधायक गुलाब सिंह यादव के ठिकानों पर IT की छापेमारी पर दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ”न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के लोगों को पता चल गया है कि भाजपा सरकार पूरे विपक्ष को जेल में डालने में व्यस्त है। ये देश रूस की राह पर चल रहा है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ऐसा बांग्लादेश, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया में देखा जा चुका है और अब भारत भी इसी रास्ते पर है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अब तानाशाही की राह पर है, जहां लोगों के बुनियादी अधिकार खत्म हो जाएंगे, जहां विपक्ष को रोक दिया जाएगा।