आईपीएल में शीर्ष पर चल रही गुजरात टाइटंस शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ मुकाबले में अपनी जीत की लय बरकरार रखने उतरेगी। गुजरात ने अब तक जिस प्रकार का प्रदर्शन किया है उसको देखते हुए वह इस मैच में भी जीत की प्रबल दावेदार नजर आती है। टीम के सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। इसका भी लाभ उसे मिलेगा। वहीं दूसरी ओर आरसीबी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और प्लेऑफ की संभावनाएं बनाये रखने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना होगा। इस मैच में सभी की नजरें आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर रहेंगी क्योंकि विराट अब तक आईपीएल में नाकाम रहे हैं। विराट ने इस सत्र में अबतक नौ मैचों में 128 रन ही बनाये हैं। वह पिछले मैच में सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरने के बाद भी बड़ी पारी नहीं खेल पाये थे और दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाये थे। वहीं इससे पहले के दो मैचों में उनका खाता भी नहीं खुला था।
आरसीबी इस समय नौ में से पांच मैच जीतने के साथ ही पांचवें स्थान पर है।
वहीं टाइटंस ने अब तक पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस टीम के सभी खिलाड़ी लय में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा जब भी टीम मुश्किल में फंसती है तो कोई न कोई खिलाड़ी उसे उबार देता है। आठ में से सात मैच जीतने वाली टाइटंस ने लगातार पांच मैच जीते हैं और उसका उत्साह बढ़ा हुआ है। अब इस मैच को जीतकर गुजराज प्लेआफ में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी।
पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक समय वह हार की कगार पर पहुंच गयी थी तक स्पिनर राशिद खान और बल्लेबाज राहुल तेवतिया ने टीम को जीत दिला दी थी। राशिद ने उस मैच में चार छक्के लगाये थे।
टाइटंस का शीर्षक्रम के साथ ही निचला क्रम भी अच्छा है। टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या अपने खिलाड़ियों को लगातार उत्साहित करने में सफल रहे हैं।
पंड्या अभी तक सात मैचों में 305 रन बनाये हैं और और अच्छी कप्तानी कर रहे हैं। पंड्या के अलावा शुभमन गिल, डेविड मिलर और रिधिमान साहा ने भी अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है।
दूसरी ओर आरसीबी के पास कई स्टार बल्लेबाज है पर इसके बाद भी टीम एक ईकाई की तरह नहीं खेल पायी है। विराट रन नहीं बना पा रहे , ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल भी अपने अंदाज में नहीं दिखे हैं। ऐसे में कप्तान फाफ डु प्लेसी, दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद ही रन बना पाये हैं पर उन पर भी दबाव बढता जा रहा है।
गुजरात के गेंदबाजों मोहम्मद शमी और लॉकी फर्ग्युसन के अलावा स्पिनर राशिद का सामाना करना आसीबी के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहेगा।
वहीं दूसरी ओर आरसीबी की गेंदबाजी भी किसी मामले में कम नहीं है टीम के पास मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड जैसे तेज गेंदबाजों के अलावा हर्षल पटेल हैं वानिंदु हसरंगा डिसिल्वा जैसे स्पिनर भी हैं। इस प्रकार देखा जाये तो गुजरात के बल्लेबाजों के लिए जीत की राह आसान नहीं होगी।
दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं।
गुजरात टाइटंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), राशिद खान, शुभमन गिल, मोहम्मद शमी, लॉकी फर्ग्यूसन, अभिनव सदरंगानी, राहुल तेवतिया, नूर अहमद, साई किशोर, विजय शंकर, जयंत यादव, डोमिनिक ड्रेक्स, दर्शन नालकांडे, यश दयाल, अल्जारी जोसेफ , प्रदीप सांगवान, डेविड मिलर, ऋद्धिमान साहा, मैथ्यू वेड, वरुण आरोन, बी साई सुदर्शन।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज, फाफ डुप्लेसी, हर्षल पटेल, वानिंदु हसरंगा, दिनेश कार्तिक, जोश हेजलवुड, शाहबाज अहमद, अनुज रावत, आकाश दीप, महिपाल लोमरोर, फिन एलन, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन बेहरेनडॉर्फ, सुयश प्रभुदेसाई, चामा मिलिंद, अनीश्वर गौतम, कर्ण शर्मा, डेविड विली, रजत पाटीदार, सिद्धार्थ कौल।
गिरजा/ईएमएस 29 अप्रैल 2022









































