इंदौर के IET कॉलेज हॉस्टल में ‘गांजा पार्टी’, बीटेक के छात्र सेमेस्टर से बाहर, लैब और परीक्षा में एंट्री पर लगी रोक

0

इंदौर: शहर के आईईटी कॉलेज होस्टल में सामने आए गांजा पार्टी मामले में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन छात्रों को एक-एक सेमेस्टर के लिए निलंबित कर दिया है। पिछले दिनों कुछ छात्रों को होस्टल परिसर में गांजा सेवन करते हुए पकड़ा गया था। घटना के बाद कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

हॉस्टल में नशा सप्लाई करने वाला नेटवर्क सक्रिय

जानकारी के मुताबिक भंवरकुआ थाना पुलिस ने पिछले सप्ताह कार्रवाई करते हुए कुछ छात्रों और नशा सप्लाई करने वाले आरोपियों को हिरासत में लिया था। जांच में यह भी सामने आया कि शहर के छात्रावासों और कॉलेजों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाला एक नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस ने मामले में आयुष झा निवासी गोल्डन नेस्ट मुंबई, विवेक शर्मा निवासी राजाराम नगर देवास, उमंग अग्रवाल निवासी सबलगढ़ मुरैना और दीपांशु अहिरवार निवासी नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया था।यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लिया एक्शन

पुलिस कार्रवाई के बाद पूरी रिपोर्ट आईईटी प्रबंधन और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय को भेजी गई। इसके आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बीटेक तृतीय वर्ष के एक छात्र और प्रथम वर्ष के दो छात्रों को एक सेमेस्टर के लिए सस्पेंड कर दिया। जुलाई से दिसंबर तक ये छात्र किसी भी शैक्षणिक गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इस दौरान उन्हें कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, परीक्षाओं और संस्थान के अन्य कार्यक्रमों से दूर रखा जाएगा।

ड्रग सप्लायर को किया गिरफ्तार

इधर भंवरकुआ पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए ड्रग सप्लायर कुलदीप तंवर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1 किलो 206 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से स्टूडेंट हब क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here