सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध मौत के मामले में मुरार थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और पलक के पति अमित रजक को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि आरोपी खुद अपने वकील के साथ थाने में हाजिर हुआ है। वहीं, मामले की सह-आरोपी सास मीरादेवी और देवर आकाश रजक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि मौत से पहले पलक ने इंस्टाग्राम रील्स के जरिए अपनी प्रताड़ना का दर्द बयां किया था, जिसके वायरल होने और परिजनों के बयानों के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पति, सास और देवर के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।
शादी के महज एक साल बाद ही उजाड़ दी दुनिया
मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरैयापुरा निवासी अमित रजक की शादी 26 अप्रैल 2025 को पलक रजक से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पलक को कम दहेज लाने के ताने देते थे। अमित, उसकी मां मीरादेवी और भाई आकाश रजक लगातार पलक पर दहेज में कार लाने का दबाव बना रहे थे। प्रताड़ना का आलम यह था कि मौत से पहले पिछले तीन दिनों से पलक को खाना तक नहीं दिया गया था।
“आकर ले जाओ, वरना ये मार डालेंगे…”
बीती 12 मई को पलक ने आख़िरी बार अपने भाई को फोन कर रोते हुए गुहार लगाई थी। पलक ने कहा था, “मुझे जल्द से जल्द यहां से आकर ले जाओ, अगर नहीं आए तो ये ससुराल वाले मुझे मार डालेंगे।” बहन की चीख सुनकर भाई तुरंत उसे लेने सुरैयापुरा स्थित ससुराल पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी; पलक की मौत हो चुकी थी।
रील्स में बयां किया था आखिरी दर्द, पुलिस की जांच तेज
पलक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और एक इन्फ्लुएंसर थी। अपनी मौत से कुछ समय पहले उसने इंस्टाग्राम पर कई ऐसी रील्स पोस्ट की थीं, जिनमें उसका दर्द और ससुराल की प्रताड़ना साफ झलक रही थी। पलक की मौत के बाद ये रील्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं, जिसने पुलिस प्रशासन को भी हिलाकर रख दिया।










































