लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। बालाघाट जिले में २८ नवंबर से समर्थन मूल्य में धान खरीदी कार्य प्रारंभ कर दी गई है वही खरीदी प्रारंभ होते ही उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से ट्रकों से धान का परिवहन जिले में होने लगा है। मुख्यालय से लगभग १२ किमी दूर स्थित कंजई चेकपोस्ट में २८ नवंबर को प्रात: ८ बजे से अनुविभागीय अधिकारी वारासिवनी के निर्देशानुसार अन्य प्रदेशों से बालाघाट में हो रहे धान के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने व व्यापारियों के द्वारा अन्य प्रदेशों से धान का परिवहन कर समर्थन मूल्य में धान बेचकर अधिक लाभ प्राप्त करने की मंशा को ध्यान में रखते हुए धान से भरे वाहनों की जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी गई है परन्तु धान खरीदी के प्रथम दिवस ही चेक पोस्ट में अव्यवस्था देखी गई जिसके कारण जिन कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई थी उन्हे खासा परेशानियों का सामना करना पड़ा। जब कर्मचारियों के द्वारा व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त की गई जिसके बाद तहसीलदार के निर्देश पर टेबल-कुर्सी व अन्य सुविधाएं की गई है परन्तु बेरिकेट नही लगाये गये है ऐसी स्थिति में अन्य राज्यों से अवैध रूप से धान लेकर बालाघाट जिले में आ रहे ट्रक सीधे निकल जा रहे है ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। इस जांच अभियान के तहत २८ नवंबर को कंजई चेक पोस्ट में लगभग १०-१५ ट्रकों को रोककर उनसे बिल्टी सहित अन्य परिवहन से संबंधित दस्तावेज की जांच पड़ताल करने के उपरांत ट्रकों को जाने की अनुमति दी जा रही है एवं परिवहन संबंधित वैध दस्तावेज नही पाये जाने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। ट्रकों से उत्तरप्रदेश से गोंदिया, बालाघाट जिले में धान आने पर संदेह व्यक्त भी की जा रही है कि कही व्यापारी बाहरी प्रदेश से कम मूल्य पर धान खरीदी कर बालाघाट जिले में धान का विक्रय कर अधिक मुनाफा तो नही कमाते इस पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाना चाहिए।
समर्थन मूल्य में धान खरीदी का हुआ श्रीगणेश
शासन के निर्देश पर २८ नवंबर से सेवा सहकारी समिति व मार्केटिंग सोसायटी में समर्थन मूल्य में धान खरीदी कार्य का श्रीगणेश हो चुका है और लालबर्रा विकासखण्ड में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक लालबर्रा के अंतर्गत ९ सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत १३ धान खरीदी केन्द्र एवं मानपुर मार्केटिंग सोसायटी को खरीदी केन्द्र बनाया गया है परन्तु अधिकांश खरीदी केन्द्रों में तैयारी पूरी नही होने के कारण २८ नवंबर से समर्थन मूल्य में धान खरीदी कार्य प्रारंभ नही हुआ है क्योंकि अधिकांश केन्द्रों में बारदाने तक नही पहुंचे है तो वहीं कुछ खरीदी केन्द्रों में पुराने बारदाने से खरीदी कार्य किया जायेगा। नगर मुख्यालय से लगभग १२ किमी. दूर ग्राम पंचायत मोहगांव ध. स्थित सेवा सहकारी समिति में २८ नवंबर को विधि-विधान से पूजा अर्चना कर समर्थन मूल्य में धान खरीदी कार्य का श्रीगणेश किया गया और प्रथम दिन एक किसान से ५ क्विंटल धान की खरीदी की गई एवं ५६ किसानों को स्लाट बूक प्रदान की गई है। जिनके द्वारा जो तिथि दी गई है उस तिथि में धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर अपनी उपज समर्थन मूल्य २०४० रूपये प्रति क्विंटल की दर से विक्रय करेगें।










































