पदमेश न्यूज़, बालाघाट। सरेखा वार्ड नंबर 5 में होली पर शराब के नशे में धुत 8 से 10 युवकों ने एक राय होकर एक 19 वर्षीय व्यक्ति की पिटाई कर दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम सरेखा वार्ड नंबर 5 निवासी 19 वर्षीय मोहित पिता प्रदीप जामरे बताया गया है जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
शराब भट्टी में हुए विवाद को लेकर की गई मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरेखा वार्ड नंबर 5 निवासी मोहित मजदूरी का काम करता है,जो मजदूरी करने के लिए चंद्रपुर गया था, होली में घर वापस आया था वही पिछले कुछ दिनों से हमाली का काम कर रहा था। बताया गया कि दिनभर वह अपने दोस्तों के साथ घूम फिर रहा था, शाम 5 बजे के करीब घर जाने के लिए वहा चौक के तरफ से निकला था। अभी वह गांव के कहाटीकरा तालाब की पार पर पहुंचा ही था, कि वहां 8 से 10 अज्ञात लड़कों ने उसे घेर कर रोक लिया, मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और ईट पत्थर सहित हाथों से मारपीट की, जिससे मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।बताया जा रहा है कि बीती रात बाईपास की शराब भट्टी कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था, युवकों को ऐसा लगा कि मोहित भी उन लड़कों के साथ में रहता है तो वह भी उस झगड़े में शामिल रहा होगा। इसी बात को लेकर युवकों ने मोहित को रोककर अकेला पाकर उसके साथ में मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे उपचार के लिए उसके परिजनों द्वारा जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।









































