अर्हम योग रचिता प्रणय सागर महाराज जी की शिष्या अनिता जैन ने विद्यार्थियों को करवाये योगाभ्यास, बताये योग के लाभ
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत अमोली स्थित एकीकृत शासकीय जनपद माध्यमिक स्कूल में बुधवार को विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पर्युषण पर्व के पावन अवसर पर सागर से लालबर्रा पधारीं अर्हम योग रचिता प्रणय सागर महाराज जी की शिष्या अनिता जैन ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योगासन की विभिन्न विधियों का अभ्यास करवाया। साथ ही उन्होंने योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया, जिससे उनमें एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। इस अवसर पर सागर से लालबर्रा पधारीं अर्हम योग रचिता प्रणय सागर महाराज जी की शिष्या अनिता जैन ने कहा कि योग शिविर बच्चों के मन में स्थिरता, सद्भावना, संस्कार और शांति लाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे बच्चों की ऊर्जा (एनर्जी) और पढ़ाई करने की क्षमता में वृध्द होती है। आगे कहा कि नियमित योग करने से शरीर का सर्वागीण विकास होता है और व्यक्ति स्वस्थ रहता है, इसलिए सभी को अपनी दिनचर्या में योग को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।










































