ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न का 52 साल की उम्र में निधन, दुनिया भर से फैन्स और क्रिकेटरों ने जताया शोक

0

दुनिया के महानतम लेग स्पिनर में एक शेन वॉर्न का निधन हो गया है। ऑस्ट्रेलियाई समाचार चैनल फॉक्स स्पोर्ट के मुताबिक शेन वॉर्न थाईलैंड में थे और वहां उनका अचानक संदिग्ध अवस्था में निधन हो गया। चैनल को मिली जानकारी के मुताबिक वॉर्न थाईलैंड के एक विला में थे, जहां वह बेहोशी की अवस्था में पाए गए। माना जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उनके निधन की खबर से दुनिया भर में फैले उनके फैन्स और क्रिकेटरों में शोक की लहर है।

दुनिया भर में शोक की लहर

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि शेन वार्न दुनिया के बेहतरीन स्पिनर्स में एक थे। इन्होंने स्पिन गेंदबाजी के नये मुकाम कर पहुंचाया

पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी शेन वार्न के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि ये अविश्वसनीय है। एक लेजेंड और दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में से एक का इतनी जल्दी जाना बहुत दुखद है।

पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने भी शेन वार्न के निधन पर शोक जताया और अपने ट्वीट में लिखा कि ये भरोसा करना मुश्किल है कि शेन वार्न नहीं रहे। उन्होंने उन्हें अपना हीरो बताते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की।

पाकिस्तानी गेंदबाज शोएब अख्तर ने शेन वार्न के निधन पर फौरन एक वीडियो शेयर कर दुख जताया और कहा कि उनकी मौत से हुए नुकसान की भरपाई करने में काफी वक्त लगेगा।

जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने कहा कि मैं उनकी मौत से बहुत दुखी हूं। ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे उन्हें जानने का पूरा मौका मिला। उनका जादू (स्पिन का) हमेशा बरकरार रहेगा।

शेन वार्न का करियर

आपको बता दें कि शेन वॉर्न ने 1992 में भारत के खिलाफ ही अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी और पहले टेस्ट में सिर्फ 2 विकेट ले सके थे। लेकिन इसके बाद दुनिया का हर बल्लेबाज उनकी फिरकी के इशारे पर उलझता रहा। अपने करीब 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में वॉर्न दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने 145 टेस्ट के अपने करियर में 708 विकेट लिए और सिर्फ श्रीलंकाई दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने उनसे ज्यादा विकेट (800 विकेट) लिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here