शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में छोटी पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर अवैध रूप से कब्जा कर चाय-पान सहित अन्य सामग्रियों का व्यवसाय करने वालों पर गुरुवार की शाम लगभग 4 बजे प्रशासन ने कार्रवाई की। इस दौरान बीच सड़क पर लगी दुकानों को जेसीबी से तोड़कर ध्वस्त किया गया। वहीं कुछ कब्जाधारी अपनी दुकान को स्वयं हटाते देखे गए।राजस्व निरीक्षक के मुताबिक इस कार्रवाई में 5 करोड 4 लाख रुपये कीमत की 10 हजार वर्ग फीट सरकारी जमीन मुक्त कराई गई है।
तोड़ने से पहले दिया मौका : सरकारी बस स्टैंड से छोटी पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर कब्जा कर दुकान संचालित करने वाले कब्जाधारियों के कब्जे हटाने गुरुवार को दल-बल के साथ प्रशासनिक अमला पहुंचा। यहां जेसीबी मशीन से कब्जा तोड़ने के पहले कब्जाधारियों को समय दिया गया, इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कब्जाधारी अपनी दुकानों को यहां से वहां ले जाने भाग दौड़ करते देखे गए। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति बनते रही। वहीं दिए गए समय तक जिन कब्जा धारियों ने कब्जे नहीं हटाए, उनके कब्जों को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया।
कार नहीं हटाने पर अड़े डाक्टर : इस क्षेत्र में निवासरत डाक्टर बांद्रे द्वारा सड़क में बनाए गए टीन के शेड में कार खड़ी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान डाक्टर को कार हटाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने कार नहीं हटाने की बात कही। इस दौरान कई बार डाक्टर बांद्रे को कार हटाने की समझाइस दी गई। डाक्टर द्वारा कार नहीं हटाए जाने के कारण कुछ देर कार्रवाई प्रभावित हुई। इसके बाद डाक्टर कार हटाने को तैयार हुए। उसके बाद टीन शेड व उसके आसपास अस्थाई रूप से दुकान चलाने के लिए बनाए गए टीन शेड को धराशायी किया गया।
रात में नहीं निकल पाई थी पुलिस की गाड़ी : कोतवाली थाना प्रभारी एमडी नागोतिया ने बताया कि बुधवार रात गश्ती के दौरान इस मार्ग पर दुकानें संचालित होने व बीच सड़क में बाइक खड़े होने के कारण पुलिस की गाड़ी तक नहीं निकल पाई थी। इसी को लेकर क्षेत्र में बीच सड़क पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि यहां से आने-जाने वाले लोगों को कोई दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। कार्रवाई के बाद नगर पालिका ने कब्जा करने उपयोग में लाई गई सामग्री को जब्त कर लिया।
भीड़ को हटाने में व्यस्त रही पुलिस : कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इससे यहां जाम की स्थिति बनती रही। बार-बार पुलिस भीड़ को तितर-बितर करती रही, लेकिन फिर भीड़ जुटने से पुलिस ने शख्ती दिखाते हुए भीड़ को दूर तक खदेड़ दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व, नगर पालिका व पुलिस बल मौजूद रहा।
दर्ज कराएंगे एफआइआर : राजस्व निरीक्षक रतनशाह उइके ने बताया है कि कार्रवाई के दौरान करीब 11 लोगों के कब्जे हटाए गए हैं। इनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। आगे भी सरकारी जमीन में हुए कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को बस स्टैंड क्षेत्र के अलावा दलसागर तालाब के पास स्थित देसी शराब दुकान के सामने का छज्जा सांकेतिक रूप से तोड़ा गया है।
इनका कहना है :
भू-माफियाओं व सरकारी जमीनों में हुए कब्जों को हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर हुए कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।










































