कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने 28 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों की बैठक लेकर सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की और उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर डॉ मिश्रा ने बैठक में सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि वे अपने कार्यालय के सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण तैयार करने के लिए सेवानिवृत्ति के 06 माह पूर्व से ही तैयारी प्रारंभ कर दें और समय सीमा में पेंशन प्रकरण जिला पेंशन कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिससे सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के साथ ही पीपीओ जारी किया जा सके और उसके सभी स्वत्वों का भुगतान हो सके। समय सीमा में पेंशन प्रकरण प्रस्तुत नहीं करने वाले आहरण संवितरण अधिकारी एवं कार्यालय प्रमुख का वेतन रोकने की कार्यवाही की जायेगी और स्थापना शाखा के लिपिक के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की जायेगी। कार्यालय प्रमुख एवं स्थापना लिपिक की लापरवाही के कारण किसी कर्मचारी के पेंशन प्रकरण में अनावश्यक विलंब होना बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
बैठक में उत्तर वन मंडल के स्थापना लिपिक श्री मेश्राम के उपस्थित नहीं होने से उनके लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा नहीं हो सकी। जिस पर लिपिक श्री मेश्राम का वेतन रोकने के आदेश दिये गये।










































