उपचुनाव का घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने तो पहले ही राहुल सिंह लोधी काे अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था, अब सोमवार को एआईसीसी ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अजय टंडन के नाम पर मुहर लगा दी है। इस घोषणा के बाद अजय टंडन ने राहुल सिंह पर जुबानी प्रहार तेज कर दिए हैं। सोमवार को उन्होंने राहुल सिंह को चैलेंज लेकर कहा है कि राहुल सिंह खुद जगह तय कर लें, उन्हें कहां पर जनता का सामना करना है। यदि वह जनता को संतुष्ट कर देंगे तो वह चुनाव से खुद को अलग कर लेंगे। श्री टंडन ने कहा कि इस बार का चुनाव कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं पंजा लड़ेगा और जनता राहुल सिंह को जबाब देगी। राहुल सिंह ने जो धाेखा दिया है, उसका जबाब उन्हें वापस हिंडोरिया भेजकर देंगे।
इधर भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह को चुनाव जिताने के लिए भाजपा के कई बड़े नेता दमोह पहुंच रहे हैं। सोमवार को संभागीय संगठन मंत्री ने एक बार फिर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उन्हें चुनाव जीतने के मंत्र बताए। इस चुनाव की सबसे मजेदार बात ये है कि 30 मार्च को भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह का नामांकन दाखिल करना लगभग तय है और इंटरनेट मीडिया पर ये खबरें वायरल हो रहीं हैं कि भाजपा प्रत्याशी की टिकट बदल
सकती है। इधर पूर्व वित्तमंत्री के बेटे सिद्धार्थ मलैया चुनाव की तैयारी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। यदि सिद्धार्थ मलैया शांत हो गए तो राहुल सिंह का चुनाव जीतना आसान हो जाएगा, लेकिन यदि उन्होंने बगावत कर दी और निर्दलीय खड़े हो गए तो वह भाजपा का वोट काट सकते हैं। एक चर्चा ये भी हो रही है कि यदि सिद्धार्थ मलैया को भाजपा नहीं मना पाई और उन्होंने अंदरूनी तौर पर कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन कर दिया तो कांग्रेस प्रत्याशी को फायदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव युवा लड़ेगा। अजय टंडन तो एक परछाई है, पंजा चुनाव लड़ेगा और जीतेगा भी। कांग्रेस का एक अदना कार्यकर्ता भी लड़ेगा तो वह भी जीतेगा। उन्होंने राहुल पर प्रहार करते हुए कहा कि क्या दमोह बेईमानाें को सौंप दें। अंगद के पैर को 50 करोड़ में उठवा दें। राहुल सिंह को चुनाव जिताने के लिए युवाओं ने अपना खून पसीना बहाया था, अपने पैसों से पेट्रोल भरवाया था। उन्होंने खुद अपने पैसे खर्च किए थे, राहुल सिंह एक बार बोल दें कि उनसे कभी एक पैसा भी लिया हो।
राहुल काे वापस हिंडोरिया भेजेंगे
चुनावी मुद्दा क्या होगा, इस पर टंडन ने कहा कि चुनावी मुद्दा ईमानदार और बेईमान, टिकाउ और बिकाउ का रहेगा। चाहे कितने भी मंत्री आ जाएं, कांग्रेस ही जीतेगी। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है तो फिर राहुल सिंह को टिकट क्यों दिया, जयंत मलैया या सिद्धार्थ मलैया काे टिकट क्यों नहीं दिया। मंत्री भूपेंद्र सिंह मुझे और दमोह की जनता को बेवकूफ न समझें, उन्हें सलाह है कि वह सागर में बैठकर अपनी दीपाली होटल चलाएं, वह अजय टंडन का कुछ नहीं कर सकते। इस चुनाव में राहुल को हराकर उन्हें वापस हिंडोरिया भेजेंगे। यहां बताना जरूरी होगा कि भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह हटा विधानसभा में आने वाली नगर पंचायत हिंडोरिया के निवासी है। श्री टंडन ने कहा कि वह राहुल सिंह को चैलेंज देना चाहते हैं कि वह जगह चुन लें, यदि वह जनता को संतुष्ट कर दें तो वह चुनाव मैदान से खुद को बाहर कर लेंगे।










































