कांग्रेस में स्थानीय स्तर पर तय होंगे जिला और जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशी

0

कांग्रेस जिला और जनपद पंचायत के सदस्य पद के लिए प्रत्याशी स्थानीय स्तर पर तय करेगी। इसके लिए जिला इकाई और पंचायतराज प्रकोष्ठ को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बनाएं। संगठन की ओर से संभागवार पर्यवेक्षक भी तैनात कर दिए गए हैं ताकि कहीं कोई विवाद की स्थिति न बने।

विधानसभा चुनाव 2023 को देखते हुए पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें जीत-हार से पूरे प्रदेश में माहौल बनेगा, जिसका असर विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी पड़ेगा।

यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस ने पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के लिए प्रदेश स्तर से पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। प्रत्याशी चयन के लिए जिला स्तर पर समितियां बना दी हैं और निर्देश दिए हैं कि स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर काम किया जाए।

वहीं, पंचायतराज प्रकोष्ठ को जिला और जनपद पंचायत स्तर पर समन्वय बनाने का दायित्व सौंपा गया है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डीपी धाकड़ ने बताया कि हमारी कोशिश यही है कि आम सहमति बनाकर चुनाव मैदान में उतरें। उधर, प्रदेश कांग्रेस ने चंबल संभाग का प्रभारी दिनेश गुर्जर को बनाया है। अभी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह ग्वालियर और चंबल संभाग के प्रभारी थे। अब वे सिर्फ ग्वालियर संभाग में पंचायत चुनाव से संबंधित काम देखेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here