पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव के चलते देश में एलपीजी गैस का संकट उत्पन्न होने की बात कही जा रही है। इसी कड़ी में नगर के इंडियन गैस एजेंसी में १९ मार्च को लोगों की भीड़ लगी रही जहां काफी तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। इस दौरान लोग अपने काम धंधे छोडक़र सुबह ८ बजे से लंबी कतारे लगाकर खड़े रहे। जहां उन्हें ४ से ५ घंटे इंतजार करने के बाद भी गैस सिलेंडर प्राप्त नहीं होने पर निराश होकर वापस लौटना पड़ा। इस पर लोगों के द्वारा आक्रोश व्यक्त किया गया कि ५ से १० दिन पहले उनकी बुकिंग का डीएससी नंबर जनरेट हो चुका है उसके बाद भी गैस सिलेंडर की घर पहुंच सेवा नहीं दी गई। लोगों ने एजेंसी में जाकर आक्रोश व्यक्त किया तो कुछ लोगों को गैस सिलेंडर मौके पर ही दे दिया गया तो वहीं कुछ लोगों को अगले दिन सुबह ९.३० बजे आकर गैस सिलेंडर ले जाने कहा तो वहीं कुछ लोगों को वापस लौटा दिया गया। बैरंग लौटे लोगों में नाराजगी देखने को मिली गैस एजेंसी में पहुंचे लोगों के द्वारा गैस एजेंसी पर घर पहुंच सेवा बंद करने का आरोप भी लगाया गया। इसमें बताया जा रहा हैं की गैस की कमी की खबरों के चलते लोगों में डर पैदा हो गया है जिससे पैनिक बुकिंग बड़ गई है। मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में गैस सिलेंडर की बुकिंग लगभग दोगुनी हो गई है जिससे वितरण प्रणाली पर दबाव बड़ गया है। किंतु जरूरतमंद लोगों को बुकिंग कोड जनरेट होने के बाद भी गैस डिलीवरी घर पहुंच सेवा के माध्यम से न मिलने पर उनके अंदर आक्रोश व्याप्त है। वह अपने दैनिक कार्यों को लेकर परेशान है कि किस प्रकार अब वह बिना गैस के कार्य करेंगे। क्योंकि होम डिलीवरी अधिकांश ऐसे घरों में होती है जो गैस एजेंसी जाने में असमर्थ है उनके सामने यह एक बड़ी दिक्कत बनी हुई है।
घर पहुंच सेवा लगभग बंद हो गई है लोग परेशान हैं – राजेश परयानी
उपभोक्ता राजेश परयानी ने बताया कि सोमवार को मेरा डीएससी आ गया है परंतु वर्तमान तक मुझे गैस प्राप्त नहीं हो पाई है। गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी आने कहां गया है जब यहां पहुंचे तो बहुत लंबी लाइन थी फि र कर्मचारियों को मेरे द्वारा भेजा गया तो एजेंसी ने कार्ड लेने से मना कर दिया। अब कुछ समझ नहीं आ रहा है सुबह ९.३० बजे फि र बुलाया गया है मेरे आस-पास के सभी लोग परेशान हैं। घर पहुंच सेवा लगभग बंद हो गई है वार्ड नंबर ५ और ७ में सिलेंडर नहीं आ रहे हैं १५ दिनों से लोग परेशान हैं। घर पहुंच सेवा बंद होने से तकलीफ बढ़ गई है एजेंसी में जाकर करीब ५ घंटे लाइन लगाना एक दिक्कत का विषय है। बुजुर्ग लोग खड़े नहीं रह सकते मेरे भी घुटने में समस्या है ऐसे में कई लोग असमर्थ है। एजेंसी को घर पहुंच सेवा देनी चाहिए भले ही सप्लाई कम हो परंतु व्यवस्था बनानी चाहिए।
गैस की कोई दिक्कत नहीं है लोग भ्रामक प्रचार के कारण पैनिक हो रहे – रामसिंह पटेल
संचालक रामसिंह पटेल ने बताया कि गैस की कोई समस्या नहीं है प्रतिदिन लोड आ रहा है। सरकार ने गैस की समस्या से निपटने के लिए कमर्शियल पर कुछ दिन ब्रेक लगाया है कालाबाजारी रोकने का भी प्रयास हो रहा है। नगर के लोगों को २५ दिन और ग्रामीण के लोगों को ४५ दिन का नियत समय दिया गया है बुकिंग लगातार हो रही है। होम डिलीवरी भी चालू है अभी हमारे पास २५०० बुकिंग पेंडिंग है एकदम से पूरा क्लियर नहीं हो सकता है। प्रतिदिन ३४२ सिलेंडर का लोड आता है जिसे बढ़ाने के लिए निवेदन हमारे द्वारा किया जा चुका है। गैस के साथ ग्रामीण क्षेत्र में अन्य ऊर्जा के स्रोत भी तालासे जाये जैसे लकड़ी का उपयोग किया जाये। भीड़ बुकिंग लेने के लिए पैनिक हो रही है यह सब भ्रामक प्रचार के कारण है गैस की कोई दिक्कत नहीं है। बीच में सर्वर डाउन हो गया था जिससे लेट डीएससी आई है एक सप्ताह में यह सब सामान्य हो जायेगा। लोड की स्थिति पूर्व से दोगुनी हो गई है कहीं कोई समस्या नहीं है बस लोग भ्रामक प्रचार के कारण पैनिक हो रहे हैं।








































