जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के प्रति रोष व्याप्त, सामुदायिक भवन निर्माण की उठी मांग
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। विकास के तमाम बड़े दावों के बीच जनपद पंचायत लालबर्रा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कामथी आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। लगभग २१०० से अधिक आबादी वाली इस बड़ी ग्राम पंचायत में आज तक एक भी सामुदायिक भवन का निर्माण नहीं हो सका है। जिसके कारण ग्रामीणजनों को सामाजिक कार्यक्रमों, शादी-विवाह व अन्य बैठकों के आयोजन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे विकट स्थिति बारिश के दिनों में बनती है, जब आयोजनों पर पानी फिर जाता है। जबकि पंचायत के सरपंच एवं ग्रामीणजन पंचायत मंत्री, सांसद, विधायक एवं प्रशासन से कई बार ग्राम में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग कर चुके है, लेकिन उनके द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। इस तरह से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के प्रति ग्रामीणजनों में रोष व्याप्त है।
शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में होती है परेशानी
आपकों बता दे कि ग्राम पंचायत कामथी एक बड़ा आबादी वाला क्षेत्र है। जब से पंचायत व्यवस्था शुरू हुई है उसके बाद से निरंतर शासन-प्रशासन से एक सामुदायिक भवन निर्माण की मांग कर रहे है। लेकिन अब तक उनकी यह बुनियादी मांग पूरी नही हो सकी है।
वहीं ग्राम में सामुदायिक भवन न होने के कारण छोटे-बड़े सभी प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों, शादी-विवाह या अन्य आयोजनों के लिए ग्रामीणजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं बारिश के मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि बारिश हो जाये तो गरीब परिवारों को आयोजन के लिए विकट समस्या उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके मकान छोटे हैं और संसाधन सीमित हैं। ऐसे में शादी-विवाह या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान बारिश आ जाने पर भारी फजीहत झेलनी पड़ती है। जबकि ग्राम पंचायत कामथी के सरपंच साहेबलाल देशमुख एवं ग्रामीणों ने पंचायत मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार लिखित व मौखिक रूप से सामुदायिक भवन निर्माण की मांग कर चुके हैं। हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जनप्रतिनिधियों की इस अनदेखी से ग्रामीणों में निराशा के साथ-साथ शासन-प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। वहीं सरपंच श्री देशमुख एवं ग्रामीणों ने कहा कि यदि पंचायत में एक सामुदायिक भवन का निर्माण हो जाता है, तो न केवल विवाह व अन्य धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में सहूलियत होगी, बल्कि गांव भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकेगा। लेकिन उनकी जायज मांगो को दरकिनार किया जा रहा है जिससे ग्रामीणजनों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। सरपंच साहेबलाल देशमुख और समस्त ग्रामवासियों ने शासन-प्रशासन व उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि कामथी की इस जायज और अति-आवश्यक मांग को प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर निर्माण करवाये। सामुदायिक भवन का निर्माण होने से गरीब और आम जनता को आयोजनों के दौरान उन्हे राहत मिलेगी।









































