किन्ही में पानी की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

0

वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। खैरलांजी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत किन्ही स्थित वारासिवनी तुमसर हाईवे मार्ग पर ग्रामीणों के द्वारा जूझ रहे नल जल की समस्या को लेकर चक्काजाम किया गया। जहां पुलिस प्रशासन की समझाइस पर ग्रामीणों के द्वारा चक्काजाम स्थगित कर समस्या के संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान नही होने पर दो दिवस बाद मार्ग पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों के द्वारा मार्ग पर बाल्टी ,गुंड और लकड़ी सहित अन्य वस्तु रखकर ग्राम की महिलाओं के द्वारा चक्काजाम किया गया। जहां दोनों तरफ छोटे बड़े वाहनों की कतार लगी रही पुलिस ने समझाइस देकर यातायात बहाल कर दिया। जहां उपस्थित ग्रामीणों के द्वारा सरपंच ,सचिव ,ठेकेदार एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी कर्मचारियों पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

किन्ही वार्ड नंबर १९,२० में २ महीने से बंद है नल जल योजना

खैरलांजी के ग्राम पंचायत किन्ही में शुद्ध पानी प्राप्त करने की समस्या बनी हुई थी। जहां पर पानी की किल्लत को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार के द्वारा लोग स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजना स्वीकृत की गई थी। जिसका निर्माण ग्राम में ठेकेदार के द्वारा किया जा रहा है जिसके तहत पानी वितरण भी प्रारंभ कर दिया गया है। परंतु बीते दो महीने से ग्राम के वार्ड नंबर १९ और २० में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है ,जहां ग्रामीणों को पीने योग्य शुद्ध पानी प्राप्त नहीं हो पा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत की नल जल योजना भी उक्त वार्ड वासियों को पानी उपलब्ध नहीं कर पा रही है ऐसे में उक्त क्षेत्र में पानी के लिए त्राहि त्राहि मची हुई है। क्योंकि हैंडपंप के माध्यम से भी शुद्ध पानी उन्हें प्राप्त नहीं हो पा रहा है वहीं नल जल योजना की मुख्य टंकी से उनके वार्ड को जोडऩे की जगह सुखे नलकूप में मोटर डालकर उक्त वार्ड को जोड़ दिया गया है। जहां योजना का एक बूंद पानी किसी को भी प्राप्त नहीं हो पा रहा है तो वहीं भूमिगत जल का स्तर बहुत नीचे जाने से हैंडपंप भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि इन हैंड पंप में गंदा पानी या जंग युक्त पानी निकल रहा है इस परिस्थिति में ग्रामीणों के द्वारा समस्या ग्राम के सरपंच ,सचिव और विभाग के अधिकारियों को बताई गई थी। किंतु उनके द्वारा उक्त मामले में कोई संज्ञान लेकर समाधान नहीं किया गया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा बुधवार की सुबह १० बजे किन्ही से गुजरने वाले वारासिवनी से तुमसर मार्ग पर चक्काजाम किया गया। इस दौरान ग्रामीणों के द्वारा मार्ग को अवरुद्ध कर वाहनों को रोक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल खैरलांजी पुलिस मौके पर पहुंची जिन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइस दी गई। वहीं विधिवत आंदोलन करने के बात कही जिस पर ग्रामीणों के द्वारा चक्काजाम स्थगित किया गया। वहीं सडक़ किनारे उपस्थित ग्रामीणों के द्वारा आवेदन तैयार कर तहसीलदार को देने की बात कहते हुए समस्या का समाधान नी होने पर दो दिवस बाद पुन: चक्काजाम कर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।

जब तक पानी नही मिलेगा आंदोलन करते रहेंगे-खातून शेख

ग्रामीण खातून शेख ने बताया कि हमारे गांव में पानी की समस्या बहु अधिक बनी हुई है जिसके लिए हमने चक्काजाम किया है। एक बूंद पानी के लिए हम तरस गए हैं और यह हमारी अकेले की समस्या नहीं है यहां जितने भी लोग हैं सभी की यही समस्या है। दो माह से हमें नल जल योजना का पानी प्राप्त नहीं हो पा रहा है हमारे वार्ड में पिने का पानी तक नहीं है। इसके लिए हमारे द्वारा हर किसी को शिकायत की गई है परंतु इसमें अधिकारी बोल रहे हैं कि नलकूप खनन किया गया था उसकी समस्या है। यदि यह समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो हम इसी तरह आंदोलन करते रहेंगे। हर कोई परेशान है सुबह से लोगों को पानी की जरूरत महसूस होती है ग्राम में जो जल स्रोत है उनसे भी शुद्ध पानी नहीं मिलता है और जो पानी मिल पाता है वह पर्याप्त नहीं होता है।

समस्या का समाधान नही हुआ तो फिर चक्काजाम होगा-श्यामकला बारसागड़े

ग्रामीण श्यामकला बारसागड़े ने बताया कि हमारा यह आंदोलन पानी के लिए था हमारे यहां हेड पंप से गंदा पानी निकलता है जो पीने योग्य कहीं से नहीं है। दो महीना हो गया है पीने के लिए हमारे यहां पानी नहीं है नल जल योजना जो है वह बंद है उससे पानी नहीं आ रहा है। इस समस्या की जानकारी हमने ग्राम के सरपंच ,सचिव और नल जल योजना के अधिकारियों को दिए हैं। पर किसी ने भी हमारी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया है और ना ही समस्या को जानने के लिए आए हैं। जबकि हमारे द्वारा मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल १८१ पर भी शिकायत की गई है मजबूरी में हमें आज चक्काजाम करना पड़ा। जिसमें पुलिस ने आकर हमें समझाया और आवेदन लगाने के लिए कहा। अब हम जाकर आवेदन देंगे यदि समस्या का समाधान हुआ तो ठीक वरना फि र चक्काजाम होगा।

शासन की नल जल योजना विफल है-प्रबंधन ठाकुर

ग्रामीण प्रबंधन ठाकुर ने बताया कि हमारे गांव में १ वर्ष हो गया है नल जल योजना का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। इसकी जानकारी हमने विभाग के एसडीओ को भी दिए हैं वह हमें नल जल योजना के नलकूप में पानी नहीं है बता रहे हैं। जबकि योजना की जो टंकी बनी है उससे हमें कनेक्शन नहीं दिया गया है यदि देते तो हमें पानी मिलता किंतु इन्होंने आज तक टंकी से भी पानी देने का प्रयास नहीं किया है। हर बार यह कल परसों कर रहे हैं यह जो योजना बनी है वह विफ ल है यह लोग बरसात में योजना सौंपने की तैयारी में है। हम यही चाहते हैं की योजना में सुधार किया जाए वरना हम परसों चक्काजाम करेंगे। हमारे पास थाना प्रभारी आए थे उन्होंने कहा कि आपने जानकारी नहीं दी है तहसीलदार को पहले आवेदन दे दो हमें समझाया तो हम आंदोलन पर नहीं है। यह समस्या सरपंच ,सचिव और अधिकारी सभी को पता है परंतु वह जानकर भी अनजान बन रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here