केंद्रीय मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में कलेक्ट्रेट सभागार में शहर विकास कार्याें की समीक्षा की। इस दाैरान सिंधिया ने शहर के संपूर्ण सड़क नेटवर्क की समीक्षा करते हुए कहा कि शहर में हर सड़क मार्ग की ग्रेडिंग की जाए। साथ ही सड़कों के निर्माण व रख-रखाव का पुख्ता प्लान तैयार करें, जिससे शहर में नई सड़कें बन सकें और पुरानी सड़कों की नियमित रूप से मरम्मत होती रहे।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि निर्माणाधीन सड़कों के पूर्ण होने की स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करें। इसी तरह सड़कों की मरम्मत भी समयबद्ध कार्यक्रम के तहत की जाए। इसमें किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने ग्वालियर शहर की सभी सड़कों की स्ट्रीट लाईट हर हाल में 15 मई तक दुरूस्त करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि स्मार्ट सिटी द्वारा ग्वालियर शहर के अंतर्गत 25 सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 86 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इनकी टेंडर प्रक्रिया प्रचलन में है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा शहर की अन्य सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए सरकार से धनराशि प्राप्त करने के लिए भोपाल स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। शहर की कुल 124 किलोमीटर लंबाई की 84 सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए लगभग 171 करोड़ रूपये की कार्ययोजना बनाई गई है। बैठक में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष इमरती देवी, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष मनीषा यादव, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, रामबरन सिंह गुर्जर, देवेन्द्र सिंह तोमर, परिवहन आयुक्त मुकेश जैन, संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना, पुलिस महानिरीक्षक अनिल शर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
विद्युत पाेल एक माह में शिफ्ट करेंः सड़क आवागमन में बाधा बन रहे शहर के विभिन्न मार्गों पर स्थित 40 विद्युत पोल एक माह के अंदर शिफ्ट कराने के निर्देश भी केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियाें काे दिए। विद्युत वितरण कंपनी को इन पोलों की शिफ्टिंग के लिए नगर निगम द्वारा धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। सिंधिया ने पुराने हाईकोर्ट के समीप स्थित मल्टीलेबल पार्किंग को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन खड़े करने वाले लोगों से जुर्माना वसूला जाए। सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने सभी मल्टीलेबल पार्किंग में 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की सलाह दी, जिससे वाहन पार्क करने वालों को कोई दिक्कत न हो।
एक माह में तैयार करें सभी तरह के कचरा प्रबंधन का प्लानः केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्वालियर शहर का टोटल वेस्ट मैनेजमेंट प्लान (सभी तरह के कचरे का प्रबंधन) तैयार करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू कचरा, गोबर तथा बाजारों व मंडियों से निकलने वाला कचरा सहित अन्य प्रकार के कचरे के प्रबंधन के लिए विशेषज्ञों की मदद लेकर एक माह के अंदर संयुक्त प्लान तैयार करने के निर्देश भी नगर निगम आयुक्त को दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर निर्माण का कचरा फेंकने वालों से कड़ाई से जुर्माना वसूला जाए। कचरा प्रबंधन का प्रोसेस प्लांट चालू होने के संबंध में एक रिपोर्ट भी संबंधित अधिकारियों से मांगी है।
शहर का संपूर्ण सीवर सिस्टम एक माह के अंदर चालू कराएंः केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शहर के चारों सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनकर तैयार हो गए हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर के संपूर्ण सीवर सिस्टम की कमीशनिंग कराएं और रख-रखाव की जिम्मेदारी तय कर एक माह के भीतर यह सिस्टम शुरू कराएं।
एलीवेटेड रोड़ के टेंडर लगेः केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया ने बैठक में बताया कि शहर में स्वर्णरेखा पर बहुप्रतीक्षित एलीवेटेड रोड के निर्माण के लिए टेंडर जारी हाे चुके हैं। जल्द ही इसका काम भी शुरू होगा। उन्होंने नवनिर्मित हजार बिस्तर अस्पताल के संपूर्ण एयर कंडीशनिंग के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि हजार बिस्तर के अस्पताल के लिए मानव संसाधन व उपकरणों का जल्द से जल्द इंतजाम कराने के लिए सरकार स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के मुख्य बिंदुः
-प्रथम चरण में 14 व द्वितीय चरण में 9 चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। महाराज बाड़े पर स्थित बाजारों की दुकानों पर एक समान साइनेज लगाने का काम 30 अप्रैल तक पूर्ण किया जाएगा।
-रेलवे स्टेशन के विकास व सौंदर्यीकरण के लिए मई माह तक टेंडर जारी हो जाएंगे। इसी तरह एयरपोर्ट विस्तार कार्य का भूमिपूजन डेढ़ माह के भीतर हो जाएगा।










































