नगर मुख्यालय के तहसील कार्यालय से बोरी पहुंच मार्ग स्थित सराटी नदी का पुल बरसात के दिनों में अत्यधिक बारिश एवं नदी में बाढ आने से मार्ग के दोनों ओर से पुल क्षतिग्रस्त हो गया था जिससे मार्ग से आवागमन करने वाले स्कूली ब’चों के साथ ही ग्रामीणजनों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ता है एवं चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध लग गया था। ऐसी स्थिति में बोरी, बल्हारपुर सहित दर्जनों ग्रामों के ग्रामीणजनों को २-३ किमी. घुमकर लालबर्रा मुख्यालय आना पड़ता था जिससे समय भी अधिक लगता था। गत दिवस पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन ने क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण कर सड़क विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पुल का मरम्मत कार्य करवाने के निर्देश दिये थे। आयोग अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन के निर्देश पर लालबर्रा से बोरी मार्ग के सराटी नदी स्थित क्षतिग्रस्त पुल का मरम्मत कार्य किया गया है और पुल का मरम्मत कार्य हो जाने से अब आवागमन करने वालों को सुविधा होगी परन्तु वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मरम्मत कार्य किया गया है अगर बरसात के पूर्व नवीन पुल का निर्माण नही किया गया तो बारिश के दिनों में पुन: क्षेत्रीयजनों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। क्षतिग्रस्त पुल के ऊपर से आने-जाने वाले स्कूल व महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित दर्जनों ग्रामों के ग्रामीणजनों ने नवीन पुल का निर्माण करवाये जाने की मांग शासन-प्रशासन से की है।










































