खंडवा के वन स्टॉप सेंटर से दीवार फांदकर भागी दो सगी बहनें, लापरवाही छुपाने FIR में लिखा – अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया

0

मप्र के खंडवा में वन स्टॉप सेंटर से दो बच्चियां लापता हो गई है। ये दोनों आपस में सगी बहनें थी, जो कि आश्रय के लिए यहां रूकी थी। प्रशासिका की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामला जांच लिया है। खास बात यह है कि FIR में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाना बताया गया है। जबकि बच्चियां दोपहर के समय खुद दीवार फांदकर भागी है। पूरे मामले में आश्रय गृह की सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई सवालों के घेरे में है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरूवार दोपहर 2.30 बजे के करीब है। लेडी बटलर स्थित वन स्टाॅप सेंटर से दो नाबालिक बच्चियां गुम हो गई। मामले में वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी सुनिती कनोजिया ने थाना मोघट रोड जाकर शिकायत की। बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति काजल पिता मुन्ना (13) व ज्योति पिता मुन्ना (10) दो सगी बहनों को बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया है। शिकायत पर एएसआई अरूण पाटिल ने एफआईआर दर्ज की। वहीं एसआई प्रियंका तोमर मामले की विवेचना कर रही है।

जानिए.. वन स्टॉप सेंटर के बारें में

वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य एक ही छत के नीचे हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को एकीकृत रूप से सहायता एवं सहयोग प्रदान करना है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा की समस्या के समाधान के लिए यह एक केंद्र प्रायोजित योजना है। इसे अप्रैल 2015 में लॉन्च किया गया था। परिवार के भीतर या कार्यस्थल पर या समुदाय के भीतर, निजी या सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली हिंसा से प्रभावित महिलाओं का समर्थन करना। विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए जो अपनी जाति, पंथ, नस्ल, वर्ग, शिक्षा की स्थिति, उम्र, संस्कृति या वैवाहिक स्थिति के बावजूद यौन, शारीरिक, मनोवैज्ञानिक, भावनात्मक और आर्थिक शोषण का सामना करती हैं।

– कथन के आधार पर एफआईआर हुई

पुलिस ने वन स्टॉप सेंटर की प्रशासिका के कथन के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। बच्चियों को कोई भगाकर ले गया है या वह दीवार फांदकर गई, पुलिस का काम उन्हें ढूंढना है। बाकी काम उनका विभाग जाने।

– बीएल अटोदे, टीआई, थाना माेघट रोड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here