खंडवा जिले में लोग वाहन दुर्घटनाओं के काल का ग्रास बन रहे है। हर साल दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही है। कहीं खराब सड़क तो कहीं वाहनों की ओवर स्पीड जानलेवा साबित हो रही है। ओवरलोड और तेज गति से दौड़ते वाहन ट्रक, बस, ट्रैक्टर-ट्राली और दो पहिया वाहन दुर्घटना की वजह बने हुए हैं।
विडंबना यह है कि पुलिस प्रशासन ने तो अपना काम कर दिया लेकिन संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों द्वारा इन क्षेत्रों में तय मापदंडों के अनुसार साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और संकेतक में लापरवाही बरती जा रही है।
सड़क निर्माण की खामियों को दूर करना होगा
इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। जिले में बीते वर्ष 2022 में सबसे अधिक 808 दुर्घटनाएं हुई। इनमें 209 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। दुर्घटनाओं में वर्ष 2020 में सबसे अधिक 222 लोगों की मौत हुई है। इस वर्ष में चार माह में 353 दुर्घटनाओं में 22 लोगों जान गंवा चुके हैं। सख्ती से नियमों का पालन करना और सड़क निर्माण की खामियों को दूर करना जरूरी हो गया है।










































