गाय को लेकर ढोल नगाड़े के साथ पहुचे कलेक्ट्रेट सौपा ज्ञापन
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, इस मांग को लेकर विभिन्न समाज संगठन द्वारा लगातार ज्ञापन सौंप जा रहे हैं। इसी बीच सोमवार को इसी मांग को लेकर नगर में एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। जहां गौ सेवकों ने गाय के बछड़े को सजाकर, ढोल नगाड़ों के साथ प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने गाय को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौपा है।
गौ माता को मिले सही सम्मान व स्थान
गाय को राष्ट्रमाता घोषित और गौ हत्या पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर संयुक्त कलेक्टर यादव को सौपे गए ज्ञापन के दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित मनोहर दास योगी व विहिप जिलाध्यक्ष यज्ञेश लालू चावड़ा ने बताया कि कुछ दिन पहले पूरे भारतवर्ष में लगभग 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार से गौ माता को उचित सम्मान व राष्ट्र माता घोषित करने का आव्हान किया गया था। आज फिर उसी मांग को दोहराने के लिए ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा हम शांतिपूर्ण तरीके से बार-बार सरकार को याद दिलाएंगे कि हमारी माता को सही सम्मान व स्थान मिले और उसे राष्ट्रमाता घोषित किया जाए। ज्ञापन में गौ हत्या पर सख्त कानून बनाने व अवैध गौ तस्करी पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
गौ माता ही हमारी संस्कृति की मूल धरोहर है-मनोहर दास
गौ सेवक मनोहर दास योगी ने बताया कि आज हमारे लिए बड़े गौरव का विषय होगा कि हमारी गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किया जाए। गौ वध पूर्णत: बंद हो और गौ वंश की सुरक्षा हो। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी धरोहर है, प्रकृति की सुरक्षा संस्कृति से ही संभव है। प्रकृति की रक्षा मां गौ से होती है। गौ माता ही हमारी संस्कृति की मूल धरोहर है। इनसे ही आयुर्वेद, जड़ी-बूटियां व तमाम औषधियां प्राप्त होती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि गौ माता के संरक्षण के बिना स्वस्थ समाज और स्वस्थ पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती। इससे केंद्र व राज्य सरकार को तत्काल गाय को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा देना चाहिए।
गौ माता की रक्षा करना हर नागरिक और सरकार का कर्तव्य है- चावड़ा
विहिप जिलाध्यक्ष यज्ञेश लालू चावड़ा ने बताया कि हिंदू धर्म में गाय को गौ माता का स्थान प्राप्त है। जिसके दूध को पीकर बच्चा बड़ा होता है। गाय कृषि, पर्यावरण और संस्कृति की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा करना हर नागरिक और सरकार का कर्तव्य है। देश के कई राज्यों में गाय को राज्य माता का दर्जा दिया जा चुका है। केन्द्र सरकार को इसे राष्ट्रीय स्तर पर लागू करना चाहिए जिससे गौ संरक्षण को कानूनी व सामाजिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि हमें सरकार पर पूरा विश्वास है कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किया जाएगा।इस अवसर पर काफी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे।










































