संस्कृति परिसर आइडीए बिल्डिंग में रहने वाले 37 वर्षीय दीपक पुत्र हरीश गोयल ने संयोगितागंज थाना पुलिस को चोरी की शिकायत की है। पुलिस के मुताबिक दीपक ने बताया कि उनके घर में सुबह चार से लेकर छह बजे के बीच में चोरी हुई है। घर में देखा तो चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का नकूचा तोड़ा और अंदर अलमारी में रखे चांदी के सिक्के, चांदी के गिलास, चांदी की पायलें, चांदी के बर्तन, चांदी की बिछुड़ी व नकदी करीब 40 हजार रुपये चोरी करके ले गए। पुलिस ने मामले में शनिवार को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
गौरतलब है कि लाकडाउन के बावजूद भी चोरियों की वारदातें लगातार होती जा रही हैं। बीते दो दिन पहले शहर के पलासिया क्षेत्र की पॉश कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आई थी। घर दूरदर्शन के अफसर का था। अफसर ने सीधे डीजीपी को सूचना दी थी। इसके बाद डीआइजी, एसपी, एएसपी और सीएसपी जांच करने घर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में घर से जेवरात चोरी होने की बात सामने आ रही है। परिवार के सदस्य शहर के बाहर गए थे, पुलिस चोरी गए जेवरात की कीमत के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
एसपी आशुतोष बागरी के मुताबिक दूरदर्शन के अफसर बिजेंद्र बरानिया की शिकायत पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया था। घर में उनके माता-पिता रहते हैं। माता पिता कुछ दिन पूर्व उज्जैन में रहने वाले परिवार के घर गए थे, घर पर ताला लटका हुआ था। गुरुवार दोपहर करीब डेढ बजे फरियादी घर पहुंचे तो पता चला दरवाजे का ताला टूटा है। इसके बाद बिजेंद्र बरानिया ने सीधे डीजीपी को सूचना दी थी।