पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। रंगों और खुशियों का महापर्व होली इस वर्ष ज्योतिषीय गणनाओं और खगोलीय घटनाओं के चलते विशेष चर्चा में है। वहीं इस वर्ष होली दहन दो तिथियों मेें किया जा रहा है, जिसमें कुछ लोगों ने २ मार्च को शुभ मुहुर्त पर होलिका दहन किया गया। लेकिन दुसरे दिन ३ मार्च को चंद्रग्रहण होने के कारण रंगोत्सव का पर्व धुरेड़ी ४ मार्च को मनाया जायेगा। वहीं कुछ लोग चंद्रग्रहण समाप्त होने के बाद ३ मार्च को रात में होलिका दहन करेगें और ४ मार्च को धुरेड़ी यानि रंगोत्सव का पर्व मनाया जायेगा। इस वर्ष होली के पर्व पर चंद्रग्रहण का साया बना हुआ है। लेकिन नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में अधिकांश स्थानों पर २ मार्च को ही शुभ मुहुर्त पर होलिका दहन किया गया है किन्तु रंगोत्सव का पर्व ४ मार्च को ही मनाया जायेगा। आपकों बता दे कि हिंदू धर्मशास्त्रों और स्थानीय पंडितों के अनुसार इस वर्ष होली पर चंद्र ग्रहण का प्रभाव पड़ रहा है। यदपि धुरेड़ी की तिथि ३ मार्च को पड़ रही है किंतु ग्रहण के सूतक और भद्रा के विशेष काल को देखते हुए विद्वानों ने ४ मार्च को रंग खेलना शास्त्रसम्मत बताया है। इसी के चलते नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में होलिका दहन के दुसरे दिन आज रंगों का सन्नाटा दिखेगा और कल बुधवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ होली खेली जायेगी।
देर रात तक चला होलिका दहन
सोमवार को नगर मुख्यालय के बाजार क्षेत्र में सजी रंग-बिरंगी पिचकारी, गुलालों, टोपियों, मुखौटों व बताशों के मालों से बाजार गुलजार नजर आया और ब’चों सहित बड़ों के द्वारा अपनी पसंदीदा पिचकारी, मुखौटे, पोंगा-तुर्रा सहित अन्य खिलौने की खरीदी जमकर की है। जिससे बाजार में खासी भीड़ रही है और दुकानदारों का व्यापार भी अच्छा रहा है। इसी तरह ३ मार्च को भी बाजार में भीड़ रहेगी क्योंकि कुछ लोग ३ मार्च को होलिका दहन कर ४ मार्च को रंगोत्सव का त्यौहार मनायेगें। वहीं २ मार्च को शुभ मुहुर्त पर नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों के विभिन्न चौक-चौराहों में देर रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। इस अवसर पर लोगों ने होलिका की परिक्रमा कर सुख, समृध्दि की कामना की और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप गुलाल का तिलक लगाकर एक-दुसरे को रंगोत्सव होली पर्व की शुभकामनाएं दी है। वहीं ग्रहण की आशंका के चलते हिन्दु धर्मालंबियों के द्वारा दहन के समय में भी सावधानी बरती जा रही है और होली पर्व को लेकर सभी खासा उत्साहित नजर आ रहे है।










































