चौपहिया वाहन की टक्कर से उजड़ा हंसता-खेलता परिवार, पिता, पुत्र की दर्दनाक मौत,

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा थाना अंतर्गत ग्राम बोरी में बुधवार दोपहर एक भीषण सडक़ हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बालाघाट से उपचार करवाकर अपने घर लौट रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों को तेज रफ्तार बोलेरो वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक दुर्घटना में पिता और ५ वर्षीय मासूम पुत्र की मौत हो गई है। जबकि पत्नि की हालत नाजुक बनी हुई है और ३ वर्षीय बेटी भी घायल हो चुकी है जिसका लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार जारी है। वहीं मृतक की पत्नि ३२ वर्षीय श्रीमती मोतिका मेश्राम का लालबर्रा में प्राथमिक उपचार का गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया था जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रिफर कर दिया गया है। चौपहिया वाहन से हुई इस हद्यविदारक दुर्घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो का बुरा हाल हो चुका है और पुलिस प्रशासन से चौपहिया वाहन चालक पर हत्या का मामला दर्ज कर कठोर कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं मृत बाप-बेटों का पोस्टमार्टम गुरूवार को सुबह किया जायेगा, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौके पर थमीं सांसे, मची चीख पुकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बोरी के बोरीटोला निवासी ३५ वर्षीय दुर्गेश मेश्राम अपनी पत्नि और दो बच्चों के साथ बुधवार को मोटरसाइकिल से बालाघाट इलाज करवाने गये थे और इलाज करवाने के बाद दोपहर में परिवार सहित वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी दोपहर करीब २ बजे जब वे बोरीटोला मार्ग पर ग्राम पंचायत कार्यालय के कुछ दुर पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। यानि की बाईक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चीख पुकार मच गई। साथ ही चौपहिया वाहन भी अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। वहीं बाईक में सवार दुर्गेंश मेश्राम और उनके ५ वर्षीय पुत्र हार्दिक मेश्राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया एवं दुर्गेश की पत्नि मोतिका मेश्राम को गंभीर चोटे आई है एवं उनकी ३ वर्षीय बेटी काव्या मेश्राम घायल हो गई। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। वहीं बोरीटोला मार्ग पर सडक़ हादसा घटित होने की सनसनी खबर लगते ही ग्रामीणजनों की भीड़ लग गई। जिसके बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां चिकित्सक ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला चिकित्सालय से उसे हायर सेंटर रिफर कर दिया गया है। जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। साथ ही मेश्राम परिवार की ३ वर्षीय मासूम पुत्री काव्या मेश्राम को भी चोटें आई हैं, जिसका लालबर्रा अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं दुर्गेश मेश्राम भी अपने माँ-बाप का इकलौता बेटा था और उनका बेटा हार्दिक मेश्राम भी मॉ-बाप का इकलौता बेटा था। इस सडक़ दुर्घटना से उनके परिवार का वंशज ही समाप्त हो चुका है और परिवारों पर दु:खों का पहाड़ टुट पड़ा है। इस दुर्घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक दुर्गेश मेश्राम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था, जिसके पिताजी भी विकलांग है, दुर्गेश परिवार का मुखिया था, जिसकी मृत्यु हो जाने से बुढ़े माँ-बाप एवं परिवार के अन्य सदस्यों को जीविकापार्जन करने में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ेगा।

परिजनों व ग्रामीणों का फुटा आक्रोश, हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की

इस हद्यविदायक हादसे के बाद ग्राम बोरी व बोरीटोला ग्राम में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बोलेरो चालक की लापरवाही पर कड़ा एतराज जताया है। वहीं परिजनों व ग्रामीणों का आरोप है कि यह महज एक दुर्घटना नहीं है बल्कि चालक की घोर लापरवाही का परिणाम है। पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कठोर से कठोर कार्यवाही की जाये। वहीं पुलिस ने चौपहिया वाहन चालक बोरीटोला निवासी विजय मड़ावी को अभिरक्षा में ले लिया है। जिसके खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग उठ रही है।

दुरभाष पर चर्चा में सहायक उपनिरीक्षक विजय बिसेन ने बताया कि बोरीटोला मार्ग पर चौपहिया वाहन की टक्कर से बाईक में सवार पिता-पुत्र की मृत्यु हो चुकी है, मृतक की पत्नि व बेटी घायल है जिनका उपचार जारी है। मृतकों का पोस्टमार्टम गुरूवार को किया जायेगा चालक को अभिरक्षा में ले लिया गया है। साथ ही यह भी बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबध्द कर कार्यवाही की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here