जानिए क्या होता है Ring Of Fire, सूर्य ग्रहण के दौरान क्यों दिखता है

0

साल 2021 का दूसरा ग्रहण 10 जून को लगने जा रहा है। यह ग्रहण ‘रिंग ऑफ फायर’ या वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा। इसका मतलब है कि ग्रहण के समय कुछ हिस्सों में रिंग ऑफ फायर दिखाई देगी। यह साल का पहला सूर्य ग्रहण है। इस दौरान चंद्रमा सूर्य के लगभग 97 प्रतिशत हिस्से को कवर करेगा। यह ग्रहण 10 जून को दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से शाम 6 बजकर 41 मिनट तक रहेगा।

कहां से कैसा दिखेगा सूर्यग्रहण

उत्तर पूर्वी अमेरिका और पूर्वी कनाडा में लोगों को आंशिक सूर्य ग्रहण दिखाई देगा। उत्तरी कनाडा, ग्रीनलैंड और रूस के लोगों को रिंग ऑफ फायर देखने को मिलेगा। उत्तरी ओंटारियो और क्यूबेक के एक छोटे से हिस्से में ‘रिंग ऑफ फायर’ दिखाई देगा। स्पेन, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस और स्कैंडिनेविया सहित उत्तरी यूरोप में रहने वाले लोग भी आंशिक सूर्य ग्रहण देख पाएंगे।

क्या है रिंग ऑफ फायर

रिंग ऑफ फायर या वलयाकार सूर्य ग्रहण के समय सूर्य आग की एक अंगूठी की तरह चमकता हुआ दिखाई देता है। ऐसा तब होता है जब चंद्रमा अपनी छाया से सूर्य के पूरे भाग को नहीं ढक पाता है और सूर्य का बाहरी हिस्सा प्रकाशित रहता है। हालांकि, ये नजारा कुछ ही समय का होता है। इस ग्रहण में चंद्रमा सूर्य के सामने आकर उसका बीच का हिस्सा ढक लेता है। इस वजह से सूर्य का किनारे का हिस्सा आग की एक अंगूठी की तरह दिखता है।

सूर्य ग्रहण लगने का वैज्ञानिक कारण

सूर्य हमारे सौरमंडल का केंद्र है और सभी ग्रह इसके चारों तरफ चक्कर काटते हैं। सूर्य का चक्कर काटने वाले ग्रहों के उपग्रह भी हैं। ये उपग्रह अपने ग्रहों के चक्कर काटते हैं। पृथ्वी का उपग्रह चंद्रमा है। जब चंद्रमा पृथ्वी के चक्कर काटते हुए सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है तो सूर्य की रोशनी को आंशिक या पूर्ण रूप से ढक लेता है। इस स्थिति को सूर्य ग्रहण कहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here