जानिये कब से मिलेगी कड़ाके की ठंड से राहत और क्‍या है कारण

0

वर्तमान में किसी प्रभावी वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने से हवा का रुख उत्तरी बना हुआ है। इसके चलते मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि कोहरे के कारण रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक कमजोर आवृति का पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार को उत्तर भारत में पहुंचा है।

उधर शुक्रवार को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के भी उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से शुक्रवार से बादल छाने के कारण रात का तापमान बढ़ने लगेगा। इससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि मंगलवार को भिंड, ग्वालियर, अशोकनगर एवं शिवपुरी में शीत लहर का प्रभाव रहा। ग्वालियर, भिंड, खजुराहो, नौगांव, राजगढ़ में तीव्र शीतल दिन रहा। रीवा, सतना, सीधी, विदिशा, मुरैना, शिवपुरी, रायसेन एवं टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा।

राजधानी का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्रीसेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्रीसे. कम रहा। यह सोमवार के अधिकतम तापमान 23.9 डिग्रीसे. की तुलना में 1.2 डिग्रीसे. कम रहा। न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्रीसे. दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्रीसे. कम रहा।यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्रीसे. की तुलना में 0.6 डिग्रीसे. अधिक रहा। सुबह के समय सबसे कम 200 मीटर दृश्यता रही। साहा के मुताबिक वातावरण में नमी मौजूद रहने के कारण सुबह से समय कोहरा बना रहने से रात के तापमान में अधिक गिरावट नहीं हो पा रही। बुधवार से आंशिक कोहरा रहने के आसार है। इसके चलते रात के तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here