नीदरलैंड की टीम ने टी20 विश्वकप के सुपर-12 में दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को हराकर सबको हैरान कर दिया है। सुपर-12 मुकाबले में मिली जीत के साथ ही नीदरलैंड विश्व कप से विदा हो रही है पर इस बार उसे अहम उललब्धियां भी मिली हैं। उसने सुपर-12 में दो मैच जीते हैं। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स की नीदरलैंड को पहली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी मैच में जीत मिली है। वहीं इस हार से तेंबा बावुमा दक्षिण अफ्रीकी टीम टी20 विश्व कप से बाहर हो गई। इस जीत से डच टीम ग्रुप दो की अंक तालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। यदि बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान से हार जाती है डच टीम चौथे नंबर पर रहेगी और ऐसे में वह टी20 विश्व कप 2024 के लिए भी अपने आप क्वालीफाई कर जाएगी। टी20 विश्व कप सुपर 12 मुकाबले में टॉप चार में रहने वाली टीमें अगले टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। ऑस्ट्रेलिया में जारी टी20 विश्व कप में यह चौथा बड़ा उलटफेर है। इससे पहले नामीबिया ने श्रीलंका को जबकि आयरलैंड ने इंग्लैंड को हराया था। जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को आखिरी ओवर में एक रन से हराया था। नीदरलैंड की टीम पांच मैचों में चार अंक लेकर इस टूर्नामेंट से बाहर हुई है।










































