नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया को आखिरकार नया बॉस मिल गया है। कंपनी ने इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमरियम को अपना अगला एमडी और सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की है। गेब्रेमरियम एयर इंडिया के दूसरे विदेशी सीईओ होंगे। वह कैंपबेल विल्सन का स्थान लेंगे, जिन्होंने इस साल अप्रैल में अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब घाटे में चल रही एयर इंडिया कई बाहरी प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच अपने विस्तार पर काम कर रही है।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि गेब्रेमरियम के नाम पर निर्णय लेने से पहले उसने देश-दुनिया के कई बेहद कुशल बाहरी और आंतरिक उम्मीदवारों का कड़ा मूल्यांकन किया था। हाल में आई एक रिपोर्ट में कहा गया था कि इस रेस में निपुण अग्रवाल को सबसे आगे माना जा रहा था। वह 2022 से एयर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर हैं और कमर्शियल ऑपरेशन्स को देख रहे हैं। लेकिन उनकी नियुक्ति का विरोध हो रहा था।










































