लालबर्रा। क्षेत्र में अवैध और तेज रफ्तार रेत परिवहन का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की देर रात 11:30 बजे लालबर्रा से बालाघाट पहुंच मार्ग सर्राटी नदी के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर दी। इस भीषण सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। वहीं मृतक की पहचान आमाटोला पांढरवानी निवासी 23 वर्षीय दिनेश उर्फ डिल्लू यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर रविवार को सुबह अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। साथ ही पुलिस ने जिस ट्रैक्टर से हादसा घटित हुआ है उसे पकड़कर थाने में खड़ा करवा दिया है एवं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक माँ-बाप का इकलौता बेटा था, जिसकी मृत्यु हो जाने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो चुका है। साथ ही 23 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत से आमाटोला क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आमाटोला पांढरवानी निवासी 23 वर्षीय दिनेश उर्फ डिल्लू यादव शनिवार की रात करीब 11:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से लालबर्रा से मानपुर की ओर जा रहा था। तभी सर्राटी नदी पुल के समीप रेत लेकर आ रहे ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे बाइक में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहाँ चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। लेकिन रात हो जाने के कारण दूसरे दिन रविवार को मृत युवक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया था, घटना के दूसरे दिन ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है।
बताया जा रहा था कि मृतक दिनेश उर्फ डिल्लू यादव माँ-बाप का इकलौता बेटा था और परिवार में उनकी माँ एवं दो बहनें हैं। शनिवार की रात करीब रात 11:30 बजे मोटरसाइकिल से मानपुर की ओर जा रहा था। तभी रेत से भरे ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। साथ ही जिस ट्रैक्टर से हादसा घटित हुआ है वह पनबिहरी का बताया जा रहा है। वहीं परिजनों ने पुलिस प्रशासन से ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही एवं उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है।










































