तुम अपने घर-हम अपने घर…ईरानी नेता और जेडी वेंस इस्लामाबाद से रवाना, पाकिस्तान के मंसूबों पर फिरा पानी

0

ईरान के सरकारी टीवी ने रविवार को बताया कि अमेरिका से बातचीत विफल होने के बाद प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी से रवाना हो गया। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत दो-तीन महत्वपूर्ण मुद्दों पर हमारे विचारों में मतभेद के कारण विफल रही। ईरान के साथ युद्ध फरवरी के अंत में शुरू हुआ था और 21 घंटे की लंबी बातचीत के बाद यह समाप्त हो गई। अमेरिका और ईरान ने बातचीत के लिए 8 अप्रैल को दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताई थी। एक तरह से इसके साथ ही पाकिस्तान के मंसूबों पर भी पानी फिर गया है। पाकिस्तान की कोशिश थी की युद्ध को पूरी तरह से समाप्त करवाकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वाहवाही लूटी जाए, लेकिन उसकी रणनीति सिरे न चढ़ सकीं।

अमेरिका की ‘अत्यधिक मांगों’ के कारण वार्ता नाकाम : ईरान

ईरान के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को कहा कि अमेरिका की ओर से अत्यधिक मांगों के कारण ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में हुई वार्ता रविवार को किसी समझौते के बिना समाप्त हो गई। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने हालांकि जोर देते हुए कहा कि कूटनीति कभी समाप्त नहीं होती। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने कहा कि वार्ता शांति समझौते तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने इसका एक प्रमुख कारण यह बताया कि तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ। वेंस ने कहा कि अमेरिकी पक्ष ने अपना अंतिम और सर्वश्रेष्ठ प्रस्ताव ईरान को दिया था, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया। वहीं, बकाई ने कहा कि कुछ मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, लेकिन दो-तीन महत्वपूर्ण मामलों पर मतभेद बने रहे। सरकारी प्रेस टीवी ने बकाई के हवाले से कहा, अंततः वार्ता किसी समझौते तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह पाकिस्तान की मध्यस्थता में शुरू हुई गहन वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई संदेश और दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ। बकाई ने पहले एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, पिछले 24 घंटों में वार्ता के मुख्य विषयों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई, जिनमें होर्मुज जलडमरूमध्य, परमाणु मुद्दा, युद्ध क्षतिपूर्ति, प्रतिबंधों को हटाना और ईरान तथा क्षेत्र के खिलाफ युद्ध का पूर्ण अंत शामिल था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here