भारत की तूलिका मान ने राष्ट्रमण्डल खेलों की जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर रिकार्ड बनाया है। तूलिका को 78 किलो वर्ग के खिताबी मुकाबले में स्कॉटलैंड की साराह एडलिंग्टन के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। साराह पिछले राष्ट्रमण्डल खेलों की विजेता रही हैं। तूलिका ने मुकाबले में अच्छी शुरुआत करते हुए पहला अंक हासिल किया था पर इसके बाद उस पर 2 पेनल्टी लग गई इससे वह दबाव में आ गयी।
इससे पहले, तूलिका ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की सिडनी एंड्यूज को हराया था। हार के बाद तूलिका काफी निराश दिखीं। यह राष्ट्रमण्डल खेलों में भारत का जूडो में दूसरा रजत और कुल तीसरा पदक है। इससे पहले सुशीला देवी ने साल 2014 में रजत जबकि विजय यादव ने उसी साल कांस्य पदक जीता था। यह पहला अवसर है जब भारत ने राष्ट्रमण्डल खेलों में तीन पदक जीते हैं।










































