त्योहारों की दस्तक से पहले कोरोना के नए वायरस की आहट, कोरोना मामलों में भी इजाफा

0

महामारी कोरोना वायरस के एक नए वेरियंट ने देश में आहट दे दी है। दीवाली और छठ से पहले कोरोना वायरस नए तेवर के साथ पांव पसारने लगा है। कोरोना वायरस के मामलों में न केवल इजाफा हो रहा है। सबसे खतरनाक माने जाने वाले ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट बीक्यू .1 का एक मामला पुणे में मिला है, जिसे भारत का पहला केस बताया जा रहा है। वहीं, देश में ओमिक्रॉन के अन्य सब-वैरिएंट एक्सबीबी के भी मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में कोविड विशेषज्ञों की मानें तो लोगों को त्योहारों के दौरान और भी अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने बताया है कि त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ वाली जगह से खुद को बचाकर रखना चाहिए।
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य डॉ. पुनित कुमार ने दीवाली के मौके पर खास तौर पर कोरोना वायरस से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में कोरोना के केस बढ़ गए हैं और ये कोविड के नए वेरिएंट हैं। उन्होंने अपील की कि जिन-जिन लोगों का तीसरा प्रिकॉशन डोज छूटा हुआ है, वो जल्द लगवा लें। डॉ. पुनित ने कहा कि नया वेरियेंट आ गया है और यह कितना खतरनाक है, अभी कहा नहीं जा सकता, लेकिन मास्क पहन कर रहें। अपनी दिवाली खराब न करें और सावधानी बरतें।
आकाश हेल्थकेयर अस्पताल के पुलमोनोलॉजिस्ट डॉ. अक्षय ने भी कोरोना के नए वैरिएंट से सावधान किया है। उन्होंने कहा कि इंडिया में भी नया वायरस चर्चा में है। नए वैरिएंट ने दस्तक दे दी है। ऐसे में दिवाली के वक्त यह वायरस काफी तेजी से फैल सकता है। अगर आपको थोड़े भी लक्षण हैं तो बाहर निकलने से पूरी तरह परहेज करें और एक अच्छा मास्क पहनें। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने अपनी रफ्तार तेज कर दी है। दिल्ली में बुधवार को कोविड-19 के 107 नए मामले दर्ज किए गए और संक्रमण दर 1.64 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली में नए मामलों के साथ दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 20,05,211 हो गई है जबकि मृतकों की संख्या 26,506 है। मंगलवार को दिल्ली में 141 नए मामले सामने आए थे।
महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ने लगे हैं। राज्य में बुधवार को बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमण के 418 नए मामले सामने आए, वहीं इस वायरस से तीन लोगों की मौत हो गई। हालांकि, इन आंकड़ों में चिंतित करने वाली बात ओमिक्रॉन के नए सब-वैरिएंट को लेकर है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि यहां अक्टूबर महीने के पहले 15 दिनों में ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट एक्सबीबी के कम से कम डेढ़ दर्जन मामले सामने आए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here