जिले में दिन प्रतिदिन बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामले को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने शहर में शनिवार को छह दुकानों को सील कर दिया था। ऐसे में रविवार को दुकानदारों ने शहर में कार्रवाई के बाद सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं। उन्होंने दुकानों के सामने गोल घेरा बनाया है, ताकि ग्राहक शारीरिक दूरी बनाए रखें। इसके अलावा रस्सी भी बांध रहे हैं, ताकि भीड़ जैसी स्थिति निर्मित न हो। रविवार को साप्ताहिक हाट बाजार होने के कारण गांवों से लोगों की बड़ी संख्या में आवाजाही बनी रही। सब्जी मंडी में भीड़ एकत्रित हुई। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 35 तक हो गई है।
इस संबंध में सब्जी व्यापारी लक्ष्मी बाई ने बताया कि हमने तो मास्क लगा रखा है, किंतु कई ग्राहक बिना मास्क के हमारे पास सब्जी खरीदने के लिए आ रहे हैं। हम उन्हें अनुरोध कर रहे हैं कि अब मास्क लगा कर ही आएं।
इधर शनिवार को नगरपालिका के कर्मचारियों ने बस स्टैंड पर दुकानों के सामने शारीरिक दूरी का पालन करवाने के लिए गोले बनाए। कर्मचारियों ने एक गोले बनाने पर 50 रुपए का शुल्क भी मांगा था। इस पर सीएमओ विजय कुमार शर्मा का कहना है कि गोले दुकानदारों स्वयं को ही बनाना है। इसकी जानकारी प्रचार प्रसार वाहन द्वारा अनाउंसमेंट के माध्यम से दी गई थी, किंतु किसी दुकानदार ने गोले नहीं बनाए थे। हमारी टीम का पेंटर सर्कल बनाएगा और शुल्क लेगा।
शनिवार को छह दुकानों को सील किया था। इन दुकानों को सील इसलिए किया था क्योंकि यहां पर शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था और दुकानदारों ने भी मास्क नहीं लगाए थे। प्रशासन शहर के घोड़ा चौपाटी, मोहन टाकीज, राजबाड़ा, त्रिमूर्ति चौराहा पर बिना मास्क लगाए वाहन चलाने वाले लोगों पर लगातार चालानी कार्रवाई कर रहे हैं। उनसे राजस्व भी वसूला जा रहा है। साथ ही मास्क लगाने के लिए हिदायत भी दे रहे हैं। लेकिन फिर भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। साथ ही पेट्रोल पंप पर भी बिना मास्क वालों को पेट्रोल डीजल नहीं दिया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट शिवांगी जोशी ने कहा कि हमने शनिवार को जो कार्रवाई की है। वह एहतियात के तौर पर और लोगों की सुरक्षा के लिए की है। प्रचार प्रसार वाहन के माध्यम से भी लोगों को मास्क लगाने और शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन इन सबके बावजूद लोग फिर भी लापरवाह हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग मास्क पहनकर ही निकले। साथ ही शारीरिक दूरी बनाए रखे एवं सैनिटाइजर का उपयोग करें।
इधर दुकानदार गुरु चंद डांगी ने कहा कि हम चूने से गोले बना रहे हैं। ग्राहकों को शारीरिक दूरी का पालन करवाने के लिए इन घेरे में खड़े रहने के लिए कहेंगे। यदि बिना मास्क पहने हुए ग्राहक को सामान नहीं देंगे।