देवों के देव महादेव के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ की निकली बारात

0

लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मानपुर के अस्पताल कालोनी स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री भोलेशंकर जनकल्याण समिति मानपुर-लालबर्रा के तत्वाधान में गत २१ फरवरी से जारी श्री पार्थिव शिव पूजन कार्यक्रम का २७ फरवरी को हवन-पूजन एवं महाप्रसादी वितरण के साथ समापन किया गया। इस पार्थिव शिव पूजन के अवसर पर २६ फरवरी को मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक किया गया एवं दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। जिसके बाद शाम ६ बजे श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की डीजे की धुन पर शिव बारात आकर्षक झांकियों एवं देवों के देव महादेव के जयकारों के साथ निकाली गई। यह शिव बारात नगर मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर पहुंची जहां भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का विवाह रचाया गया। इस दौरान शिव भक्तजनों के द्वारा शिव बारात में जमकर नृत्य भी किया गया। साथ ही इस शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ सहित अन्य भगवानों की जीवंत झांकिया आकर्षण का केन्द्र रही। २७ फरवरी को शाम ६ बजे मंदिर में हवन-पूजन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। जिसमें अनिल दुबे, श्रीमती आशा दुबे यजमान की उपस्थिति में पंडि़त विमल मिश्रा के द्वारा हवन-पूजन कार्यक्रम संपन्न करवाया गया तत्पश्चात महाआरती की गई। जिसके बाद भंडारा रूपी महाप्रसादी का वितरण किया गया और क्षेत्रीय श्रध्दालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किये। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित पार्थिव शिव पूजन कार्यक्रम में प्रतिदिन दोपहर ३ बजे से शाम ५ बजे तक मिट्टी से भगवान शिव का पार्थिव बनाकर उसकी विधि-विधान से पूजा अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का सभी श्रध्दालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया है। साथ ही इस पार्थिव शिव पूजा कर भगवान शिव से सभी के जीवन में खुशहाली बनाये रखने की कामना की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here